Last Updated:
करवा चौथ से ज्यादातर लोगों की खूबसूरत यादें जुड़ी होती हैं. अब जब करवा चौथ करीब है, तब एक्टर्स इससे जुड़ी अपनी यादें बयां कर रहे हैं. टीवी एक्टर नमन शॉ ने भी करवा चौथ को अनूठे अंदाज में याद किया. एक्टर ने बताया कि उन्होंने शुरू में फिल्मों से इस त्योहार को जाना, फिर मुंबई आने के बाद इसकी परंपराओं को करीब से समझा.
नई दिल्ली: टीवी एक्टर नमन शॉ ने करवा चौथ से जुड़ी अपनी यादें साझा की हैं. उन्होंने बताया कि इस त्योहार के बारे में उन्हें पहली बार हिंदी फिल्मों के जरिए पता चला. हालांकि, मुंबई आने और खासकर पंजाबी लोगों के संपर्क में आने के बाद उन्हें इस त्योहार और इससे जुड़ी परंपराओं को करीब से जानने का मौका मिला. (फोटो साभार: Instagram@namanshaw)
एक्टर नमन शॉ ने आईएएनएस से बातचीत में करवा चौथ की अहमियत और पति-पत्नी के रिश्ते में इसके मायने पर बात की. नमन शॉ ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, ‘मुझे लगता है कि करवा चौथ जैसे त्योहार बहुत खूबसूरत होते हैं, क्योंकि ये प्यार, कमिटमेंट और उन छोटी-छोटी चीजों का जश्न मनाते हैं, जो किसी रिश्ते को मजबूत बनाए रखती हैं. मेरे लिए रिश्ता सिर्फ बड़े-बड़े वादों या खास अंदाज में प्यार जताने तक सीमित नहीं है. यह एक-दूसरे के साथ खड़े रहने, एक-दूसरे को समझने और जिंदगी के हर पड़ाव पर साथ निभाने के बारे में है.’
(फोटो साभार: Instagram@namanshaw)
नमन शॉ ने कहा, ‘मुझे यह बात भी अच्छी लगती है कि समय के साथ परंपराएं बदलती हैं. आज इस त्योहार में आपसी प्यार और सम्मान की भावना ज्यादा देखने को मिलती है, जहां दोनों साथी अपने-अपने तरीके से अपने रिश्ते का जश्न मनाते हैं.’
(फोटो साभार: Instagram@namanshaw)
Add News18 as
Preferred Source on Google
नमन शॉ ने आगे कहा, ‘एक एक्टर के तौर पर मैं टेलीविजन पर कई बार करवा चौथ के सीन्स कर चुका हूं, लेकिन शादी के बाद असल जिंदगी में इस त्योहार को मनाने का अनुभव बिल्कुल अलग था.’ (फोटो साभार: Instagram@namanshaw)
एक्टर ने कहा, ‘बचपन में मैंने इस त्योहार को फिल्मों में ही देखा था. कोलकाता में रहने के दौरान मेरे लिए यह कोई बड़ा त्योहार नहीं था. मुंबई आने के बाद जब मैं उत्तर भारत के लोगों, खासकर पंजाबियों के संपर्क में आया, तब मुझे करवा चौथ की परंपराओं, रोमांच और इससे जुड़ी भावनाओं को करीब से समझने का मौका मिला.’
(फोटो साभार: Instagram@namanshaw)
नमन शॉ ने करवा चौथ मनाने के तरीके में आए बदलावों पर भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि पहले यह त्योहार ज्यादा निजी होता था और परिवार के लोग मिलकर इसे मनाते थे. उस समय इसका आस्था, प्यार और पति-पत्नी का एक-दूसरे के साथ खास समय बिताना था. अब सोशल मीडिया के बढ़ते चलन के साथ त्योहार मनाने के तरीके में बदलाव आया है. इसका ध्यान सजने-संवरने, तस्वीरें खिंचवाने और दुनिया को अपना जश्न दिखाने पर ज्यादा चला गया है.’
(फोटो साभार: Instagram@namanshaw)
निजी जिंदगी की बात करें तो नमन शॉ की शादी नेहा मिश्रा से हुई है. दोनों का एक बेटा है, जिसका नाम क्रीवान है. नमन शॉ हिंदी टेलीविजन के कई पॉपुलर शोज में काम कर चुके हैं. (फोटो साभार: Instagram@namanshaw)
नमन शॉ ‘कसम से’, ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’, ‘कसौटी जिंदगी की’, ‘कस्तूरी’ और ‘टशन-ए-इश्क’ जैसे शोज में अपने रोल के लिए मशहूर हैं. इसके अलावा, वह ‘मंगल लक्ष्मी’ में आदित सक्सेना और ‘कैरी : रिश्ता खट्टा मीठा’ में अनुज के किरदार में भी नजर आ चुके हैं. (फोटो साभार: Instagram@namanshaw)