Last Updated:
Gold Smuggler Arrested : राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) लखनऊ की टीम ने बाराबंकी में छापेमारी कर 2.76 करोड़ का सोना बरामद किया है. इसके साथ ही दो कैरियर को भी गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में अंबेडकर नगर के रहने वाले मनीष और दुर्गेश शामिल है.
दो करोड़ का सोना हुआ बरामद.
लखनऊः राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) लखनऊ की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने सोना तस्करी करने वाले गिरोह के दो कैरियर को गिरफ्तार किया है. उनके पास से 1.996 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद किया गया है. जिसकी कीमत करीब 2.76 करोड़ रुपये आंकी गई है. गिरफ्तार दोनों कैरियर को टीम अपने साथ डीआरआई कार्यालय लेकर पहुंची. जहां दोनों से पूछताछ की गई.
जूते के तल्ले में छिपाया था सोना
डीआरआई के एक अधिकारी के मुताबिक, गुप्त सूचना मिली थी कि बस्ती जिले से दो संदिग्ध बस से सोना लेकर निकले है. दोनों बस से लखनऊ पहुंचेंगे. वहां से वे दिल्ली जाएंगे. सूचना के आधार पर टीम बाराबंकी स्थित अहमदपुर टोल प्लाजा पर पहुंची. जहां एक बस आते हुए दिखाई दी. बस को रुकवाकर दोनों संदिग्धों की तलाशी ली गई. इस दौरान एक आरोपी के जूते के तल्ले से सोना बरामद किया गया. जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया.
नेपाल से लेकर जा रहे थे सोना दिल्ली
गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की गई. गिरफ्तार आरोपियों में अंबेडकर नगर के रहने वाले मनीष और दुर्गेश शामिल है. दोनों ने पूछताछ में बताया कि नेपाल के सिद्धार्थनगर के रास्ते से सोने की खेप आई है. इसे दिल्ली तक पहुंचाना था. लेकिन, इससे पहले पकड़े गए. बताया गया कि डीआरआई की टीम ने दोनों से अलग- अलग पूछताछ की. इस दौरान दोनों ने नेपाल से लेकर दिल्ली तक फैले इस सिंडिकेट में शामिल आधा दर्जन तस्करों के नाम बताये हैं.
आधा दर्जन से अधिक नामों की जांच में जुटी टीम
डीआरआई की टीम ने उनके मोबाइल को भी जब्त किया है. टीम उसे खंगाल रही है. वही, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के सिंडिकेट में शामिल आधा दर्जन से अधिक लोगों के नामों का सत्यापन किया जा रहा है. ताकि, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सके. डीआरआई का कहना है कि दोनों आरोपियों पर कस्टम एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. पूछताछ के बाद दोनों को कोर्ट में पेशकर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है.