Last Updated:
Ghaziabad News: पोस्टल ऑफिस में कार्यरत सीनियर एकाउंटेंट पत्नी ने अपने पति की हत्या की साजिश रच दी. वह जिम ट्रेनर के प्यार में थी. इस बात की भनक पति को लग गई थी. पति भी पोस्टल ऑफिस में सीनियर अकाउंटेट है.
गाजियाबाद में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर रची पति को मारने की साजिश.
गाजियाबादः उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के इंदिरापुरम में एक अकाउंटेंट पत्नी ने अपने पति की हत्या की साजिश रच डाली. वह एक जिम ट्रेनर के प्यार में थी. इस बात की भनक पति को लग गई थी. जिसके बाद पत्नी अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई. फिर, योजना के अनुसार जिम ट्रेनर फ्लैट में घुसा और महिला के पति पर ताबड़तोड़ चाकू घोंप दिया. इसमें पति गंभीर रूप से घायल हो गया. वह जख्मी हालत में शोर मचाने लगा. उसके शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया. स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी. सूचना पर पहुंची इंद्रापुरम पुलिस ने जख्मी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है. जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है.
पुलिस ने जिम ट्रेनर और पत्नी को किया गिरफ्तार
पुलिस ने जख्मी से घटना के संबंध में जानकारी ली. पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसका नाम शशांक है. वह पोस्टल ऑफिस में सीनियर अकाउंटेट के पद पर कार्यरत है. उसकी पत्नी का नाम प्रिया शर्मा है. वह भी सीनियर अकाउंटेट है. दोनों एक ही जगह काम करते है.उसका जिम ट्रेनर के साथ अफेयर चल रहा था. दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची थी. शशांक की तहरीर सुनने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की. पुलिस की विशेष टीम ने छापेमारी कर आरोपी पत्नी प्रिया शर्मा और उसका प्रेमी प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है.
8 महीने से चल रहा था प्रेम प्रसंग
पुलिस दोनों को लेकर थाने पहुंची. जहां दोनों से पूछताछ की गई. पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि दोनों के बीच पिछले 8 महीने से प्रेम प्रसंग चल रहा है. दोनों की मुलाक़ात जिम में हुई थी. प्रिया 8 महीने पहले जिम में आई थी. ट्रेनिंग देते-देते दोनों के बीच दोस्ती हो गई. दोनों ने एक दूसरे का नंबर लिया था. दोस्ती कब प्यार में बदल गई, पता नहीं चला. हम दोनों एक दूसरे से शादी करना चाहते है. लेकिन, शशांक रास्ते का कांटा बना हुआ था. उसे हमदोनों के संबंध की जानकारी हो गई थी. वह फ्लैट बदलने के चक्कर में था.
दिवाली के बाद बदलने वाला था फ्लैट
प्रताप ने पुलिस को बताया कि वे दोनो प्रतिदिन जिम में मिला करते थे. उसके बाद फ्लैट पर मिलने लगे. कभी-कभी बाहर भी मिलने जाते थे. शशांक हमदोनों को दूर करना चाहता था. उसने दिवाली के बाद अपना फ्लैट बदलने वाला था. ताकि, हम दोनों मिल नहीं सके. यह बात प्रिया ने मुझे बताई. उसके अगले दिन सुबह रनिंग की दौरान शशांक को रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई. इसके बाद प्रताप घर से चाकू लेकर निकला. प्रिया घर के सोसाईटी के गेट पर थी. वह अपनी गाड़ी से बाहर निकल रही थी. इससे पहले प्रिया ने अपने फ्लैट का दरवाजा खोलकर रख दी थी. ताकि, प्रताप आसानी से फ्लैट में घुसकर शशांक की हत्या कर सके. प्रताप प्लान के मुताबिक शशांक के फ्लैट में घुस गया और उसपर चाकू से हमला कर दिया. उसके शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया.
पूछताछ के बाद भेजा गया जेल
शशांक खून से लथपथ हालत में पड़ा था. पुलिस की मदद से उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना को लेकर पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया हैं. प्रेम प्रसंग में हत्या की साजिश रची गई थी. जख्मी हालत में शशांक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां उसका इलाज चल रहा है. पुलिस पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया है. जहां से दोनों को जेल भेजा गया.