छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान को लेकर अलर्ट, 12 जिलों में भारी बारिश की आशंका, 1769 संवेदनशील गांव चिन्हित


Last Updated:


छत्तीसगढ़ में संभावित चक्रवाती तूफान और खराब मौसम को देखते हुए राज्य सरकार ने अलर्ट जारी किया है. प्रदेश के 12 जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर जनसुरक्षा के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं. प्रशासन ने 1769 संवेदनशील गांवों को चिन्हित किया है. वहीं, आपात स्थिति में लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे सक्रिय रखा गया है.

Top Deals Inside

छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान को लेकर अलर्ट, 12 जिलों में भारी बारिश की आशंका, Zoom

छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान को लेकर अलर्ट

छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान के संभावित प्रभाव को देखते हुए प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. राज्य सरकार ने संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी तैयारियां करने को कहा है। तेज हवाओं और भारी बारिश से संभावित नुकसान को कम करने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है.

24 घंटे सक्रिय रहेगा बाढ़ नियंत्रण कक्ष
आपदा की स्थिति में प्रभावित लोगों तक त्वरित सहायता पहुंचाने के लिए राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे सक्रिय रखा गया है. जरूरत पड़ने पर नागरिक टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1070 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन का उद्देश्य मौसम से जुड़ी आपात स्थिति में सूचना और राहत व्यवस्था को तेजी से संचालित करना है.

जर्जर मकानों को चिन्हित करने के निर्देश
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. संभावित आपदा से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए समय पर सूचना और पहले से तैयारी करना बेहद जरूरी है.मंत्री ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि तेज हवाओं और तूफान के कारण गिरने की आशंका वाले जर्जर एवं असुरक्षित मकानों को चिन्हित किया जाए. ऐसे मकानों को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.

जलाशयों के जलस्तर पर रखी जाएगी नजर
प्रशासन को जलाशयों के जलस्तर की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए हैं. यदि किसी जलाशय से पानी छोड़ने की जरूरत पड़ती है, तो संबंधित क्षेत्रों के लोगों को कम से कम 48 घंटे पहले सूचना देने को कहा गया है.इससे प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों को समय रहते सतर्क किया जा सकेगा और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की तैयारी की जा सकेगी.राज्य सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रशासन और मौसम विभाग की आधिकारिक सूचनाओं पर ध्यान दें तथा चेतावनी जारी होने पर सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें.



Source link