Last Updated:
Sasaram Jewellery Shop Loot : सासाराम के कोचस बाजार में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में बड़ी लूट की वारदात हुई है. न्यू कंचन ज्वेलर्स में दो बाइक से चार हथियारबंद अपराधी ग्राहक बनकर पहुंचे और पिस्टल के बल पर दुकानदार समेत चार लोगों को बंधक बना लिया. अपराधियों ने महिला ग्राहकों को भी अपने कब्जे में ले लिया और सभी के हाथ बांध दिए. इसके बाद भारी मात्रा में सोना-चांदी के आभूषण लूटकर फरार हो गए.
कोचस बाजार में दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने एक आभूषण दुकान में बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है.
सासाराम. बिहार के रोहतास जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है. कोचस बाजार में दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने एक आभूषण दुकान में बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है. दो बाइक पर सवार होकर पहुंचे चार अपराधियों ने ग्राहक बनकर दुकान में प्रवेश किया और पिस्टल के बल पर दुकानदार समेत वहां मौजूद लोगों को बंधक बना लिया. इसके बाद अपराधी भारी मात्रा में सोना-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए.
जानकारी के मुताबिक, वारदात कोचस बाजार स्थित न्यू कंचन ज्वेलर्स में हुई है. यह प्रतिष्ठान चर्चित कारोबारी सूरज सेठ का बताया जा रहा है. चारों अपराधी दो बाइक से दुकान के पास पहुंचे थे. इनमें कुछ अपराधियों ने हेलमेट पहन रखा था. दुकान के अंदर पहुंचने के बाद सभी ने हथियार निकालकर लोगों पर तान दिए. अपराधियों ने दुकान में मौजूद महिला ग्राहकों को भी बंधक बना लिया. इसके बाद दुकान में मौजूद चार लोगों के हाथ बांध दिए गए. हथियार के बल पर अपराधियों ने दुकान में रखे सोना-चांदी के आभूषण अपने कब्जे में लिए और फरार हो गए. भागते समय अपराधी दो लोगों के मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे रोहतास एसपी
लूट की सूचना मिलते ही रोहतास के एसपी मिस्टर राज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है. दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. वारदात की कई तस्वीरें सीसीटीवी में कैद हुई हैं, जिनके आधार पर पुलिस अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी की कोशिश में जुटी है. एसपी मिस्टर राज ने बताया कि दुकान से कितने मूल्य के आभूषण लूटे गए हैं, इसका आकलन किया जा रहा है. दुकानदार की ओर से आभूषणों का मिलान किए जाने के बाद लूटी गई संपत्ति की सही मात्रा और कीमत सामने आएगी.
एक साल पहले भी हुई थी करोड़ों की लूट
खास बात यह है कि न्यू कंचन ज्वेलर्स अपराधियों के निशाने पर पहले भी रह चुका है. करीब एक साल पहले इसी आभूषण दुकान में करोड़ों रुपये के आभूषण की लूट की वारदात हुई थी. अब एक बार फिर दिनदहाड़े इसी प्रतिष्ठित दुकान को अपराधियों ने निशाना बनाया है. लगातार दूसरी बड़ी वारदात से कोचस बाजार के कारोबारियों में भी दहशत का माहौल है.
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, अपराधियों के भागने के रास्ते और मौके से मिले सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है.