Last Updated:
World Wrestling Championship: विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय ग्रीको-रोमन पहलवानों का निराशाजनक प्रदर्शन जारी है. सोमवार को एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता सुनील कुमार समेत तीन भारतीय अपने-अपने मुकाबले हारकर बाहर हो गए. सुनील को 87 किलोग्राम वर्ग में नॉर्वे के एक्सौस मुकुबू ने तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर 0-9 से हराया.
भारतीय पहलवानों का निराशाजनक प्रदर्शन
अस्ताना: भारतीय ग्रीको-रोमन पहलवानों का विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में निराशाजनक प्रदर्शन सोमवार को भी जारी रहा तथा एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता सुनील कुमार सहित तीन पहलवानों को यहां अपने-अपने भार वर्ग में पहले दौर में ही हार का सामना करना पड़ा.
हाल में दो एशियाई खेलों के पदक जीतने वाले एकमात्र भारतीय पहलवान बने सुनील से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन निष्क्रियता के लिए ‘पार टेरे’ स्थिति में डाले जाने के बाद उन्हें 87 किलोग्राम वर्ग के इस मुकाबले में नॉर्वे के एक्सौस मुकुबू से तकनीकी श्रेष्ठता (0-9) से हार का सामना करना पड़ा. यह मुकाबला पूरे एक राउंड भी नहीं चला जिससे भारतीय खिलाड़ी के खराब प्रदर्शन का पता चलता है.
भारत के अन्य खिलाड़ियों में साहिल (63 किलोग्राम) और सचिन सहरावत (67 किलोग्राम) भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए. साहिल क्वालीफाइंग राउंड में बुल्गारिया के एडमंड आर्मेन नाज़ारियन से 0-7 से जबकि सहरावत दक्षिण कोरिया के हांजे चुंग से 5-6 से हार गए. इस प्रतियोगिता में ललित ही पदक जीतने के करीब पहुंचे थे, उन्हें 55 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक के प्लेऑफ में हार का सामना करना पड़ा.