MP CG News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो दोनों राज्यों की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, उज्जैन, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट्स मिलेंगे. इसके अलावा आपको राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और अन्य काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
आज होगी साय कैबिनेट की बैठक
छत्तीसगढ़ में आज कैबिनेट की बैठक होगी. धान खरीदी नीति 2026-27 पर मुहर लग सकती है. छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से 31 जनवरी तक समर्थन मूल्य पर धान खरीदी होगी. 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदी होगी. प्रति एकड़ 21 क्विंटल की लिमिट होगी. बैठक में अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी मुहर लग सकती है.
बलौदाबाजार में खड़े ट्रक से टकराई बस, 3 की मौत
बलौदाबाजार में बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रक से यात्री बस की टक्कर हो गई. हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है. 8 से 10 लोगों के घायल होने की सूचना है. बस में कुल 22 यात्री सवार थे. रॉयल कंपनी की बस अंबिकापुर से रायपुर जा रही थी. हादसा आज सुबह करीब 5:30 बजे हुआ. दुर्घटनाग्रस्त ट्रक सड़क पर खराब होने के कारण खड़ा था, जिससे बस की टक्कर हो गई. सूचना मिलते ही पुलिसबल, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंचा.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आज के कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बीजेपी की बैठक में शामिल होंगे. आज दिनभर बीजेपी की बैठकें चलेंगी. सीएम साय दोपहर 12:45 बजे कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचेंगे. वह शाम 4:30 बजे तक बैठकों में शामिल होंगे. वह शाम 4:45 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे.
रतलाम में नप गए नेताजी, पुलिस ने दर्ज की FIR
रतलाम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशू निनामा और उनके साथियों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है. केशू निनामा ने रावटी थाना घेराव के दौरान पुलिस के लिए आपत्तिजनक शब्द कहे थे. सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर थाने पर धरना दिया था. पुलिस को अपशब्द कहने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही रावटी थाना पुलिस ने कार्रवाई की.
भोपाल में जमीन की रजिस्ट्री के नाम पर 30 लाख की धोखाधड़ी
भोपाल में जमीन की रजिस्ट्री के नाम पर 30 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. कृषि भूमि का विक्रय अनुबंध कर 30 लाख रुपये लेने के बाद रजिस्ट्री नहीं कराई. 15 लाख चेक से और 15 लाख रुपये नकद लेने का आरोप है. गुनगा पुलिस ने आरोपी लक्ष्मण सिंह राजपूत को गिरफ्तार किया. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने रकम खर्च करना बताया. न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी को जेल भेजा गया. यह मामला ग्राम पीपलखेड़ा की करीब 6.36 एकड़ कृषि भूमि से जुड़ा है.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे टिप्पणी मामला, भोपाल में कांग्रेस कार्यालय का घेराव करेगी बीजेपी
पटना में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई विवादित टिप्पणी मामले में आज बीजेपी भोपाल में विरोध प्रदर्शन करेगी. दोपहर तीन बजे बीजेपी कांग्रेस कार्यालय का घेराव करेगी. मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी के पिता के बारे में बोलते हुए अभद्र टिप्पणी की थी.