Last Updated:
BPSC TRE-4 : बिहार लोक सेवा आयोग ने TRE-4 आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 3 नवंबर 2026 कर दी है. 33320 शिक्षक पदों पर भर्ती के लिए आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 2 नवंबर है.
BPSC TRE-4 : बीपीएससी टीआरई परीक्षा तिथि अभी घोषित नहीं है.
BPSC TRE-4 : बिहार लोक सेवा आयोग की चौथे चरण की शिक्षक भर्ती (BPSC TRE 4) के उन अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है, जो अभी तक आवेदन नहीं कर सके हैं. BPSC ने टीआरई-4 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है. जो फॉर्म 26 अक्टूबर की रात तक भरना था, उसके लिए अब 3 नवंबर तक का वक्त मिल गया है. आयोग ने इसको लेकर एक नोटिस जारी किया है. जिसमें आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने की जानकारी दी गई है.
नोटिफिकेशन के अनुसार, अब आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 2 नवंबर तय की गई है. यानी पहले फीस जमा करनी होगी और उसके बाद फॉर्म सबमिट होगा. इस क्रम का ध्यान रखना जरूरी है. पहले फीस जमा करने की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर थी.
33000 से अधिक पदों पर बहाली
यह भर्ती बिहार शिक्षा विभाग के सरकारी स्कूलों के लिए है. इसके तहत कक्षा 1 से 12 तक के 33320 शिक्षकों की भर्ती होगी. पहले यह वैकेंसी 32388 थी. बाद में आयोग ने इसमें इजाफा किया.
कौन कर सकता है आवेदन
कक्षा 1 से पांच तक के लिए 12वीं में 50 फीसदी अंक होने चाहिए. साथ ही दो साल का डीएलएड कोर्स भी किया होना चाहिए. इसके साथ बिहार टीईटी पेपर-1 या सीटीईटी पास होना चाहिए.
मध्य विद्यालय यानी कक्षा 6 से 8 के लिए विषय में स्नातक और डीएलएड या बीएड चाहिए. इसके साथ टीईटी का पेपर 2 पास होना चाहिए.
माध्यमिक यानी कक्षा 9 और 10 के लिए विषय में स्नातक या स्नातकोत्तर के साथ बीएड चाहिए. एसटीईटी पेपर 1 पास होना भी जरूरी है.
उच्च माध्यमिक यानी कक्षा 11 और 12 के लिए विषय में स्नातकोत्तर और बीएड चाहिए. साथ में एसटीईटी पेपर 2 पास होना अनिवार्य है.
कब होगी परीक्षा
बिहार लोक सेवा आयोग की BPSC TRE 4 की परीक्षा तिथि अभी तय नहीं है. पहले अनुमान था कि परीक्षा दिसंबर 2026 से जनवरी 2027 के बीच हो सकती है. अब आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने से कार्यक्रम में बदलाव की संभावना है. आयोग एडमिट कार्ड और रिजल्ट की डेट भी बाद में बताएगा.