Last Updated:
इंदौर एयरपोर्ट पर पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन की सुरक्षा में कथित चूक सामने आई है. VIP लाउंज में एक अनजान व्यक्ति उनके पास पहुंच गया और कथित तौर पर छूने की कोशिश की. CISF जवान व्यक्ति को बाहर ले गए. घटना के बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.
सुमित्रा महाजन की सुरक्षा में चूक हुई.
रिपोर्ट-मिथिलेश गुप्ता, इंदौर. मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पर पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन की सुरक्षा में कथित चूक का मामला सामने आया है. एयरपोर्ट के VIP लाउंज में बैठीं सुमित्रा महाजन के पास अचानक एक अनजान व्यक्ति पहुंच गया. पहले उसने राजनीतिक मुद्दों पर बातचीत शुरू की, लेकिन कुछ देर बाद इधर-उधर की बातें करने लगा. आरोप है कि व्यक्ति ने सुमित्रा महाजन को छूने की भी कोशिश की, जिससे वह असहज हो गईं. व्यक्ति के नशे में होने की भी आशंका जताई गई है. घटना के बाद CISF जवान उसे अपने साथ ले गए.
जानकारी के मुताबिक, सुमित्रा महाजन शनिवार की सुबह मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात की. उन्हें अहिल्याबाई होलकर स्मारक के निर्माण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करनी थी. जब वह एयरपोर्ट के वीआईपी लाउंड में थीं, तब एक अनजान व्यक्ति VIP लाउंज में पहुंच गया. सुमित्रा महाजन के निजी सहायक राजेश मिश्रा के मुताबिक, व्यक्ति खुद को एक राजनीतिक पार्टी से जुड़ा बता रहा था. शुरुआत में उसने राजनीतिक बातचीत की, लेकिन बाद में अजीबोगरीब हरकतें करने लगा. इससे सुमित्रा महाजन दो बार असहज हुईं.
CISF जवान ले गए, बिना कार्रवाई छोड़ने का आरोप
राजेश मिश्रा ने घटना की जानकारी एयरपोर्ट प्रबंधन और CISF को दी. इसके बाद सुरक्षाकर्मी व्यक्ति को लाउंज से बाहर ले गए. हालांकि, आरोप है कि उसकी पहचान दर्ज किए बिना ही उसे जाने दिया गया. इस घटनाक्रम पर सुमित्रा महाजन ने नाराजगी जताई है. फिलहाल एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है. व्यक्ति की पहचान और उसके खिलाफ कार्रवाई की स्थिति भी स्पष्ट नहीं है.
CM मोहन यादव से भी मिलीं सुमित्रा महाजन
दैनिक भास्कर के मुताबिक, सुमित्रा महाजन स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट का फंड समाप्त होने से निर्माण कार्य अधूरा रह गया है. उन्होंने अहिल्याबाई होलकर स्मारक के नक्शे और निर्माण संबंधी अड़चनों को दूर करने का आग्रह भी किया. मीडिया से बातचीत में महाजन ने मजाकिया अंदाज में कहा, “मैं नौकरी मांगने आई.” इसके बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि वह शहर के विकास कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री से मिलने पहुंची थीं.