सिर्फ 30 सेकंड में रुक जाएगी रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाली रैली, राहुल गांधी ने समझाया सियासी गणित


होमताजा खबरदेश

रामलीला मैदान में कैसे रुकेगी 1 नवंबर की महारैली? राहुल गांधी ने समझाया गणित

Last Updated:

Ramlila Maidan Rally: दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को प्रस्तावित ‘इंडिया’ गठबंधन की महारैली और दिवाली से पहले कारोबार प्रभावित होने की चिंताओं के बीच राहुल गांधी ने एक बड़ा सियासी दांव चल दिया है. व्यापारियों के संगठन सीटीआई की चिट्ठी का जवाब देते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने राजधानी में बंदी और जाम का ठीकरा सीधे केंद्र सरकार के सिर फोड़ा.

Top Deals Inside

रामलीला मैदान में कैसे रुकेगी 1 नवंबर की महारैली? राहुल गांधी ने समझाया गणितZoom

राहुल गांधी ने ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग की. (फाइल फोटो)

Ramlila Maidan Rally: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से कहा कि वह ‘आरोपी नंबर 4′ ज्ञानेश कुमार को हटा दें तो विपक्ष का आंदोलन ’30 सेकंड में’ रुक जाएगा. राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दिल्ली के व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस उनकी बात सुन रही है और उनके साथ खड़ी है. उन्होंने आरोप लगाया, “मेट्रो सरकार ने बंद की, सड़कें सरकार ने सील कीं, राजधानी पर ताला सरकार ने लगाया.”

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि जब “वोट ही चोरी हो जाए” तो किसी की दुकान, बचत और बच्चों का भविष्य सुरक्षित नहीं रह सकता. राहुल गांधी ने व्यापारियों से कहा, “मोदी जी से कहिए कि आरोपी नंबर 4, ज्ञानेश कुमार को हटाएं, 30 सेकंड में आंदोलन रुक जाएगा.” कांग्रेस नेता ने हालांकि अपने इस पोस्ट में यह स्पष्ट नहीं किया कि उन्होंने ज्ञानेश कुमार को ‘आरोपी नंबर 4’ किस संदर्भ में कहा है.

दरअसल, विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ आगामी एक नवंबर को ‘वोट चोरी’ के खिलाफ रामलीला मैदान में रैली करने वाला है. इसी को लेकर पिछले दिनों ‘चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री’ (सीटीआई) के अध्यक्ष बृजेश गोयल ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर कहा था कि यह रैली ऐसे समय में रामलीला मैदान के आसपास के थोक और खुदरा बाजारों को प्रभावित कर सकती है, जब धनतेरस और दिवाली से पहले व्यापारियों को बड़ी संख्या में ग्राहकों के आने की उम्मीद है.

गोयल ने कहा कि दिल्ली में धनतेरस के आसपास सोना-चांदी, इलेक्ट्रॉनिक, कपड़े, बर्तन, सूखे मेवे, मिठाइयां, वाहन, संपत्ति और उपहार की वस्तुओं जैसे विभिन्न क्षेत्रों में करीब 25,000 करोड़ रुपये का कारोबार होता है. इस साल धनतेरस छह नवंबर को है. दिवाली आठ नवंबर को मनाई जाएगी और इसके बाद 10 नवंबर को भाई दूज है. व्यापारियों के संगठन का कहना है कि त्योहारों से करीब एक सप्ताह पहले बाजारों में आम तौर पर गतिविधियां बढ़ जाती हैं, ऐसे में रैली का समय व्यापारियों के लिए चिंता का विषय है.



Source link