‘साउथ इंडियन हैं तो हैं’, जावेद अख्तर के बाद रश्मिका मंदाना के सपोर्ट में आईं मधु, याद किए संघर्ष भरे दिन

‘साउथ इंडियन हैं तो हैं’, जावेद अख्तर के बाद रश्मिका मंदाना के सपोर्ट में आईं मधु, याद किए संघर्ष भरे दिन


नई दिल्ली.  रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने ‘कॉफी विद करण’ के लेटेस्ट एपिसोड पर शिरकत की. इस एपिसोड के वायरल होते ही रश्मिका और विजय दोनों ही सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल होने लगे. कभी रिलेशनशिप को लेकर तो कभी अपनी भाषा को लेकर रश्मिका लगातार ट्रोल्स के निशाने पर बनी हुई हैं. इस बीच जावेद अख्तर ने उनका सपोर्ट किया और अब एक्ट्रेस मधु ने भी रश्मिका की भाषा का खुलकर सपोर्ट किया है. मधु का कहना है कि रश्मिका साउथ इंडियन हैं तो हैं, उनकी हिंदी में साउथ का एक्सेंट है और वो इस बात को खुलकर स्वीकार करती हैं. साथ ही एक्ट्रेस ने अपने करियर की शुरुआती दौर के संघर्षों को भी याद किया.

दरअसल, ‘कॉफी विद करण’ में एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना ने अपने उच्चारण, भाषा और परफॉर्मेंस के लिए ट्रोल होने के बारे में बात की थी. एक्ट्रेस ने कहा था कि वह साउथ इंडियन हैं, जिस वजह से उनका वही एक्सेंट निकलकर सामने आएगा. अब इस मुद्दे पर मधु ने उनका सपोर्ट किया था.

मधु ने रश्मिका मंदाना के सपोर्ट में बनाया वीडियो

रश्मिका को सपोर्ट करते हुए मधु ने उनके लिए सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने फिल्ममेकर करण जौहर के टॉक शो ‘कॉफी विद करण’ में रश्मिका के अपीयरेंस के बारे में बात की. उन्होंने रश्मिका के एक्सेंट की आलोचना पर उनके जवाब देने के तरीके की तारीफ की.  यहां देखें वीडियो
फोटो साभार इंस्टाग्राम madhoo_rockstar

रश्मिका मंदाना ने ‘कॉफी विद करण’ पर भाषा को लेकर की थी बात

मधु ने कहा, ‘मैंने हाल ही में टॉक शो ‘कॉफी विद करण’ देखा और इस शो में जिस तरह से रश्मिका ने अपने एक्सेंट की आलोचना को हैंडल किया, वह मुझे बहुत पसंद आया है. रश्मिका लोगों की आलोचना पर हंसती हैं और खुद को साउथ इंडियन कहती हैं और जिस तरह से उन्होंने अपने एक्सेंट को स्वीकार किया है, वह मुझे बहुत पसंद आया है’.

मधु का छलका दर्द

मधु ने आगे कहा, ‘कई साल पहले, जब मैं हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में अभिनेत्री के तौर पर आई थी, तो मैं साउथ इंडियन होने की वजह से मिलने वाले जजमेंट से बहुत डरती थी और सोचती थी कि मुझे जज किया जाएगा. फिर, मैंने और ज्यादा मेहनत की. मैंने उर्दू की टीचर रखने की कोशिश की और खुद को हिंदी में बेहतर बनाया, हर वह चीज की, ताकि मेरे एक्सेंट की वजह से मैं पकड़ी न जाऊं’.

अजय देवगन की हीरोइन को याद आए संघर्ष भरे दिन

एक्ट्रेस मधु ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में शुरुआत में होने वाले संघर्ष पर खुलकर बात करते हुए कहा, ‘अगर मेरी आवाज में थोड़ा-सा भी कोई साउथ इंडियन एक्सेंट पकड़ लेता था, तो मैं घबरा जाती थी. जब लोग कहते थे कि मेरी हिंदी, हिंदी बोलने वालों से भी बेहतर है, तो मुझे बहुत गर्व महसूस होता था और यही मेरी जर्नी थी’.

मधु ने अपने करियर और अपने सफर के बारे में आगे कहा, ‘आज, मुझे यह कहते हुए बहुत गर्व हो रहा है कि मैं साउथ इंडियन हूं. अगर मैं हिंदी में गलती करती हूं या मेरे एक्सेंट में साउथ इंडियन टच है, तो मुझे इससे कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन मुझे यहां तक पहुंचने में 30 से 35 साल लग गए. रश्मिका, तुम्हें बहुत सारी शुभकामनाएं. मुझे अच्छा लगा कि तुम इसे अपनाती हो, इस पर हंसती हो और तुम सच में एक स्टार हो. ऐसी ही बनी रहो’.





Source link