Last Updated:
Nalagarh: हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ में स्क्रैप कारोबारी युसुफ के दफ्तर के बाहर बाइक सवार बदमाशों ने पांच राउंड फायरिंग की. पुलिस फिरौती के एंगल से मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में पांच विशेष टीमें बनाई हैं.
गोलजमाला में स्क्रैप कारोबारी युसुफ के ऑफिस और स्टोर पर बाइक सवार दो नकाबपोश व्यक्तियों ने पहुंचकर धमकी दी और पांच राउंड फायरिंग की.
नालागढ़. हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के बद्दी में औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में एक कारोबारी के दफ्तर के बाहर फायरिंग की गई है. 25 अक्टूबर को गोलजमाला में स्क्रैप कारोबारी युसुफ के ऑफिस और स्टोर पर बाइक सवार दो नकाबपोश व्यक्तियों ने पहुंचकर धमकी दी और पांच राउंड फायरिंग की. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंजाब की ओर जाने वाले संभावित निकास मार्गों पर नाकाबंदी की गई, लेकिन आरोपी कुछ ही मिनटों में एक रास्ते से फरार होने में सफल रहे. पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने नालागढ़ पुलिस थाना में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि बूटा प्लासी में 15 अक्टूबर को मनप्रीत के घर के बाहर नकाबपोश बाइक सवारों ने फायरिंग की थी. इसके बाद 24 अक्टूबर को उसी घर के बाहर खड़ी फॉर्च्यूनर गाड़ी पर दोबारा गोलीबारी की गई और हवाई फायर भी किए गए.
पुलिस की प्रारंभिक जांच में गोलजमाला और बूटा प्लासी की घटनाओं में एक ही गैंग के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है. एसपी के अनुसार, वारदातों में इस्तेमाल की गई बाइक और आरोपियों के धमकी देने के तरीके में समानता सामने आई है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इन घटनाओं के पीछे फिरौती वसूलने का नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है.
एसपी ने बताया कि युसुफ को सितंबर में भी फिरौती की धमकी मिली थी. पुलिस के अनुसार, धमकी देने वाले व्यक्ति ने अपना नाम ‘रफ्ता’ बताया था. शुरुआती जांच में फिरौती के लिए इस्तेमाल किए गए नंबर के विदेश से संचालित होने के संकेत मिले हैं. एसपी ने आशंका जताई कि विदेश में बैठे लोग स्थानीय युवकों को पैसों का लालच देकर धमकी देने और फायरिंग जैसी वारदातों को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं. हालांकि, इस नेटवर्क और आरोपियों की पहचान को लेकर जांच जारी है. पुलिस ने मामले की तह तक पहुंचने के लिए पांच विशेष टीमों का गठन किया है, जो सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर मिली जानकारियों के आधार पर आरोपियों का पता लगाने में जुटी हैं.
एसपी विनोद धीमान ने बताया कि क्षेत्र में पहले भी कारोबारियों से फिरौती मांगने के मामलों में पुलिस ने कार्रवाई की है. कबाड़ी कारोबारी वीरू गुप्ता से कथित फिरौती की कॉल के मामले में केशव और मेजर नाम के व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया था. वहीं, नंगल में स्क्रैप कारोबार से जुड़े विवाद के मामले में भी चार लोगों की गिरफ्तारी की जानकारी दी गई. एसपी के मुताबिक, पुलिस इन मामलों में पंजाब पुलिस और गैंगस्टर विरोधी अभियानों से जुड़ी टीमों के संपर्क में है. उन्होंने भरोसा जताया कि गोलजमाला और खोटा प्लासी की वारदातों को सुलझाने के लिए पुलिस की टीमें लगातार काम कर रही हैं और आरोपियों को पकड़ने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं.