तमिलनाडु के पूर्व शिक्षा मंत्री गिरफ्तार, स्कूलों से 100 करोड़ घूस लेने का केस
Last Updated:
तमिलनाडु के पूर्व स्कूल शिक्षा मंत्री अनबिल महेश पोय्यामोझी को निजी स्कूलों को लाइसेंस सहित दूसरी सरकारी मंजूरियां दिलाने के नाम पर कथित तौर पर 100 करोड़ रुपये की रिश्वत के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. जांच एजेंसियों को शक है कि इस कथित रिश्वत मामले से 177 निजी स्कूल प्रभावित हुए.
डीएमके नेता पर निजी स्कूलों को लाइसेंस दिलाने के नाम पर 100 करोड़ रिश्वत लेने का आरोप
तमिलनाडु के पूर्व स्कूल शिक्षा मंत्री अनबिल महेश पोय्यामोझी को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है. चेन्नई पुलिस की सेंट्रल क्राइम ब्रांच (CCB) ने उन्हें निजी स्कूलों को लाइसेंस सहित दूसरी सरकारी मंजूरियां दिलाने के नाम पर कथित तौर पर 100 करोड़ रुपये की रिश्वत के आरोप में गिरफ्तार किया है. जांच एजेंसियों को शक है कि इस कथित रिश्वत मामले से 177 निजी स्कूल प्रभावित हुए.
द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के वरिष्ठ नेता अनबिल महेश पर भ्रष्टाचार और विश्वासघात से जुड़े आरोप लगाए गए हैं. हालांकि, पूर्व मंत्री ने आरोपों से इनकार किया है और अपने खिलाफ दर्ज मामले को चुनौती दी है.
जांचकर्ताओं का कहना है कि यह पैसा पार्टी फंड के नाम पर इकट्ठा किया गया था. स्कूलों को यह भरोसा दिया गया था कि उनके पेंडिंग एप्लिकेशन को मंजूरी दे दी जाएगी. यह एफआईआर तमिलनाडु में निजी स्कूलों के संघों के महासंघ के सचिव डीसी एलंगोवन की शिकायत के आधार पर दर्ज की गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि तमिलनाडु प्राइवेट स्कूल्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बीटी अरसुकुमार और अन्य पदाधिकारियों ने स्कूल प्रबंधनों से करोड़ों रुपये लिए, लेकिन वादे के मुताबिक मंजूरियां नहीं दीं.
इससे पहले मद्रास हाई कोर्ट ने सोमवार, 26 अक्टूबर को अनबिल महेश की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी. जस्टिस वी. लक्ष्मीनारायणन ने गिरफ्तारी पर रोक की उनकी मांग स्वीकार नहीं की. पूर्व मंत्री ने इस मामले में दर्ज FIR को रद्द कराने के लिए भी अदालत का रुख किया है.
इस बीच, DMK ने सीएम विजय की सरकार पर राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के लिए जांच एजेंसियों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है. वहीं, अनबिल महेश ने अपने खिलाफ लगे आरोपों से इनकार किया है.
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें
login