Last Updated:
यूपी विधानसभा अध्यक्ष व स्पीकर सतीश महाना का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक बुजुर्ग महिला का पैर छू रहे हैं. इसके अलावा सतीश महाना ने चाय की दुकान पर खुद चाय बनाई और लोगों को पिलाया. सतीश महाना का यह अलग रूप देख हर कोई मंत्र-मुग्ध रह गया.
कानपुरः उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना का कानपुर में आत्मीयता और सम्मान से भरा अंदाज देखने को मिला. मॉर्निंग वॉक के दौरान कार्यकर्ताओं के साथ निकले महाना चकेरी स्थित काली बाड़ी मंदिर के पास एक चाय की दुकान पर पहुंचे. यहां उन्होंने दुकानदार से बातचीत की और फिर खुद चाय बनाने लगे. चाय तैयार करने के बाद उन्होंने अपने साथ मौजूद कार्यकर्ताओं को चाय पिलाई. इस दौरान महिला दुकानदार सुशीला गुप्ता के पैर छूकर उन्होंने उनका सम्मान भी किया. सतीश महाना का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है.
दुकान पर पहुंचे, खुद संभाली चाय बनाने की कमान
जानकारी के मुताबिक, 23 अक्टूबर को मॉर्निंग वॉक के दौरान सतीश महाना की नजर काली बाड़ी मंदिर के पास स्थित ‘टेक्निकल चाय वाला’ नाम के टी-स्टॉल पर पड़ी. दुकान पर सुशीला गुप्ता चाय बना रही थीं। महाना ने उनसे पूछा कि क्या वह खुद चाय बना सकते हैं. इसके बाद उन्होंने चाय बनाने की जिम्मेदारी संभाल ली. विधानसभा अध्यक्ष ने अपने हाथों से चाय तैयार की, उसे छाना और वहां मौजूद कार्यकर्ताओं को पिलाया. इस दौरान आसपास के लोग भी दुकान पर जुटने लगे. लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया.
चाय की दुकान पर अलग नजर आया माहौल
चाय की दुकान पर कुछ देर के लिए माहौल आम दिनों से अलग नजर आया. विधानसभा अध्यक्ष को अपने बीच इस तरह सहजता से चाय बनाते देख वहां मौजूद लोग भी उत्सुक हो गए. मॉर्निंग वॉक के दौरान हुई इस मुलाकात में औपचारिकता के बजाय आपसी मेलजोल का अंदाज दिखाई दिया. महाना ने चाय बनाने के साथ वहां मौजूद लोगों से भी सहज व्यवहार किया.
महिला दुकानदार के पैर छूकर जताया सम्मान
इस मुलाकात का सबसे खास पल तब आया, जब सतीश महाना ने महिला दुकानदार सुशीला गुप्ता के पैर छुए. सुशीला गुप्ता ने उन्हें ऐसा करने से मना किया, लेकिन महाना ने उन्हें अपनी बहन बताते हुए सम्मान जताया. उन्होंने कहा, आप हमारी बहन हैं. चाय की दुकान पर हुई इस छोटी-सी मुलाकात में महाना का व्यवहार चर्चा का विषय बन गया. एक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि का महिला दुकानदार के प्रति इस तरह सम्मान जताना वहां मौजूद लोगों के लिए खास रहा. इस दौरान लोगों ने वीडियो बनाकर इस पल को अपने मोबाइल में कैद कर लिया.
सोशल मीडिया पर चर्चा में वीडियो
बताया जा रहा है कि यह वीडियो उनके मॉर्निंग वॉक के समय का है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. विधानसभा अध्यक्ष का चाय की दुकान पर रुकना, खुद चाय बनाना और महिला दुकानदार के पैर छूना लोगों का ध्यान खींच रहा है. वीडियो सामने आने के बाद उनके इस सहज व्यवहार को लेकर चर्चा हो रही है. कानपुर में जनप्रतिनिधियों के आम लोगों के बीच पहुंचने और उनसे सीधे संवाद करने की घटनाएं अक्सर चर्चा में रहती हैं. ऐसे में चाय की दुकान पर सतीश महाना का यह अंदाज भी लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है.
8 बार से विधायक हैं सतीश महाना
सतीश महाना कानपुर से आठ बार विधायक चुने जा चुके हैं और वर्तमान में उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष हैं. लंबे राजनीतिक अनुभव के साथ क्षेत्र में उनकी पहचान एक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि के रूप में है. चाय की दुकान पर उनका यह अंदाज अब शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है.