Last Updated:
Sem Phali Recipe: आंध्र-तेलंगाना की पारंपरिक चिक्कुडुकाया जीलकर्रा कारम वेपुडु रेसिपी से बनाएं सेम की चटपटी और स्वादिष्ट सब्जी. भुने जीरे, उड़द दाल और सूखी लाल मिर्च के खास मसाले से तैयार यह सब्जी महज 20 मिनट में बनकर तैयार हो जाती है. जानिए इसे बनाने की आसान विधि.
हैदराबाद. भारतीय पारंपरिक रसोई में मौसमी सब्जियों को खास मसालों के साथ तैयार करने की परंपरा सदियों पुरानी है. दक्षिण भारत के आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के पारंपरिक ब्राह्मण घरों में बनने वाले शाकाहारी व्यंजन अपने सादे अंदाज और लाजवाब स्वाद के लिए खास पहचान रखते हैं. ऐसा ही एक पारंपरिक व्यंजन है चिक्कुडुकाया जीलकर्रा कारम वेपुडु. यह सेम की फली से तैयार होने वाली सूखी सब्जी है, जिसमें भुने हुए जीरे, उड़द दाल और सूखी लाल मिर्च का खास मसाला डाला जाता है. इसकी खुशबू और चटपटा स्वाद खाने का मजा बढ़ा देते हैं.
अक्सर बच्चे ही नहीं, कई बड़े भी सेम की फली खाने से कतराते हैं, लेकिन इसे दक्षिण भारतीय अंदाज में जीरा और मसालों के साथ तैयार किया जाए, तो इसका स्वाद काफी अलग और लाजवाब हो जाता है. इस सब्जी को गर्मागर्म चावल और थोड़ा देसी घी डालकर खाया जा सकता है. वहीं, रोटी के साथ भी इसका स्वाद खूब जमता है, खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और रोजमर्रा की रसोई में उपलब्ध सामग्री से ही यह तैयार हो जाती है.
सेम की फली फ्राई बनाने के लिए सामग्री
इस पारंपरिक सब्जी को बनाने के लिए 250 से 300 ग्राम सेम की फली, 2 छोटे चम्मच छिलके वाली उड़द दाल, 2 छोटे चम्मच जीरा, 3 से 4 सूखी लाल मिर्च, एक चुटकी हींग, एक चौथाई चम्मच हल्दी पाउडर, स्वादानुसार नमक और जरूरत के अनुसार तेल लें. सबसे पहले सेम की फलियों के दोनों किनारों से रेशे निकालकर उन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. अब फलियों को अच्छी तरह धोकर थोड़े पानी में उबालें. इन्हें केवल दो उबाल आने तक पकाएं, ताकि फलियां ज्यादा गलें नहीं और उनका हरा रंग भी बना रहे. इसके बाद पानी छानकर फलियों को अलग रख दें.
अब मसाला तैयार करने के लिए एक कड़ाही में आधा चम्मच तेल गर्म करें। इसमें उड़द दाल, जीरा और हींग डालकर धीमी आंच पर सुनहरा होने तक भूनें. गैस बंद करने के बाद इसमें कुटी हुई सूखी लाल मिर्च डालें, मिश्रण ठंडा होने पर इसमें नमक और हल्दी मिलाकर मिक्सी में बारीक पीस लें. इसके बाद कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें और उबली हुई सेम की फलियों को 2 से 3 मिनट तक हल्की आंच पर भूनें. अब तैयार जीरा-मसाला पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं. कड़ाही को ढककर करीब 5 मिनट तक पकने दें, ताकि मसालों का स्वाद फलियों में अच्छी तरह समा जाए. इस तरह महज 15 से 20 मिनट में आंध्र-तेलंगाना की पारंपरिक सेम की फली फ्राई तैयार हो जाएगी. स्वादिष्ट और मसालेदार इस सब्जी को गर्मागर्म परोसें और रोज के खाने में दक्षिण भारतीय जायके का आनंद लें.