NZ A vs IND A: न्यूजीलैंड में केएल राहुल का हुआ ब्रेन फेड, खुद से स्टंप पर मार दिया बैट, हिट-विकेट होकर लौटे पवेलियन


होमखेलक्रिकेट

न्यूजीलैंड में केएल राहुल का हुआ ब्रेन फेड, खुद से स्टंप पर मार दिया बैट

Last Updated:

न्यूजीलैंड ए के खिलाफ पहले अनऑफिशियल टेस्ट मैच की दूसरी पारी में भी केएल राहुल बल्लेबाजी में फ्लॉप रहे. पहली पारी में राहुल खाता भी नहीं खोल पाए थे. इंडिया ए के लिए दूसरी पारी में उन्होंने जैसे-तैसे खाता तो खोल लिया, लेकिन उनका ऐसा ब्रेन फेड हुआ कि उन्होंने खुद ही स्टंप पर बल्ला दे मारा और वह हिट-विकेट हो गए.

Top Deals Inside

न्यूजीलैंड में केएल राहुल का हुआ ब्रेन फेड, खुद से स्टंप पर मार दिया बैटZoom

केएल राहुल दूसरी पारी में हुए हिटविकेट

नई दिल्ली: ओपनर बल्लेबाज केएल राहुल इंडिया ए के लिए पहले अनऑफिशियल टेस्ट की दूसरी पारी में भी नाकाम रहे. न्यूजीलैंड ए के खिलाफ मुकाबले में राहुल 15 गेंद खेलकर सिर्फ 4 रन ही बना पाए. राहुल ने जिस तरह से अपना विकेट गंवाया, वह काफी अजीब था, क्योंकि गेंद रोकने की कोशिश में उन्होंने अपने बल्ले से स्टंप को उड़ा दिया, जिससे वह हिट-विकेट होकर पवेलियन वापस लौटे. वहीं, पहली पारी की बात करें तो वह अपना खाता भी नहीं खोल पाए थे.

दरअसल, शॉट खेलने के बाद केएल राहुल का ब्रेन फेड हो गया. राहुल ने जैसे ही गेंद को डिफेंड किया, वह पिच पर बाउंस होकर स्टंप की तरफ जाने लगी. राहुल को लगा कि यदि गेंद स्टंप से टकराई तो वह आउट हो जाएंगे. ऐसे में, गेंद को स्टंप तक जाने से रोकने के लिए उन्होंने अपना बल्ला आगे किया, लेकिन इस दौरान वह खुद पर संतुलन नहीं रख सके और उनका बैट स्टंप से टकरा गया, जिसके कारण वह हिट-विकेट हो गए. सोशल मीडिया पर राहुल के इस हिट-विकेट का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.

पहली पारी में 113 रनों पर सिमट गई थी इंडिया ए

वहीं, इस मुकाबले की बात करें तो इंडिया ए की टीम सिर्फ 113 रन के स्कोर पर सिमट गई थी. इस पारी में इंडिया ए के पांच बल्लेबाज ऐसे रहे, जो अपना खाता तक नहीं खोल पाए थे. इंडिया ए के लिए बल्लेबाजी में सबसे ज्यादा यश राठौड़ ने नाबाद 49 गेंदों में 44 रनों की पारी खेली थी. इसके अलावा देवदत्त पडिक्कल ने भी 32 रनों का योगदान दिया था, जबकि यशस्वी जायसवाल ने 17 और अंशुल कंबोज ने 10 रन बनाए थे.

इंडिया ए के इस स्कोर के जवाब में न्यूजीलैंड की टीम ने दमदार बल्लेबाजी की और अपनी पहली पारी में 317 रन बनाकर इंडिया ए पर 204 रनों की बढ़त हासिल की. इसके बाद, जब इंडिया ए अपनी दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरी, तो यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल सस्ते में आउट हो गए, लेकिन दूसरे दिन की समाप्ति तक देवदत्त पडिक्कल (56) और साई सुदर्शन (39) ने कोई और विकेट नहीं गिरने दिया. दिन के अंत तक इंडिया ए का स्कोर 2 विकेट पर 106 रन रहा और वह न्यूजीलैंड से अब सिर्फ 98 रन पीछे है.



Source link