Last Updated:
Multibagger Stock: नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल सर्विसेज (NBFC) कंपनी इंडस फाइनेंस लिमिटेड का शेयर निवेशकों के लिए खजाना साबित हुआ है. इस मल्टीबैगर शेयर ने शॉर्ट टर्म और लॉन्ग टर्म में शानदार रिटर्न निवेशकों दिया है. अब कंपनी ने बोनस शेयर देने की घोषणा की है.
इस मल्टीबैगर शेयर ने निवेशकों को मालामाल कर दिया है. (Image : AI)
नई दिल्ली. शेयर बाजार में कुछ शेयर लगातार धांसू रिटर्न देते हैं. ऐसा ही एक मल्टीबैगर शेयर है इंडस फाइनेंस लिमिटेड (Indus Finance Limited) का. नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल सर्विसेज (NBFC) सेक्टर के इस शेयर ने बीते 1 साल में निवेशकों की पूंजी को लगभग 7 गुना बढ़ा दिया है. पिछले 6 महीनों में 390% और 1 साल में करीब 677.88% का बंपर रिटर्न दिया है. अब कंपनी ने अपने शेयरधारकों को एक और तोहफा देते हुए बोनस शेयर (Bonus Share) जारी करने की घोषणा की है.
इंडस फाइनेंस के निदेशक मंडल ने बोनस शेयर जारी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. बोर्ड ने 5:9 के अनुपात में बोनस इक्विटी शेयर जारी करने की सिफारिश की है. इसका सीधा मतलब यह है कि रिकॉर्ड डेट तक जिन निवेशकों के पास कंपनी के 10 रुपये फेस वैल्यू वाले 9 शेयर होंगे, उन्हें 5 नए इक्विटी शेयर मुफ्त दिए जाएंगे.
रिकॉर्ड डेट का ऐलान होना अभी बाकी
पात्र शेयरधारकों की पहचान के लिए कंपनी के बोर्ड ने फिलहाल रिकॉर्ड डेट (Record Date) की घोषणा नहीं की है. जो निवेशक तय रिकॉर्ड डेट तक कंपनी के शेयर अपने डीमैट खाते में रखेंगे, केवल वही इस बोनस इश्यू का लाभ उठा सकेंगे.
दिया है छप्परफाड़ रिटर्न
शुक्रवार, 23 अक्टूबर को इंडस फाइनेंस का शेयर 1.99% फिसलकर 366.85 रुपये पर बंद हुआ. पिछले हफ्ते में शेयर में 5.26% का करेक्शन देखा गया है, लेकिन लंबी अवधि के चार्ट पर इसका प्रदर्शन बेमिसाल है.
स्टॉक ने 3 महीने में 144.32%, 6 महीने में 390%, साल 2026 में अब तक करीब 630% और बीते 1 साल में लगभग 677.88% का धांसू रिटर्न दिया है. वहीं 2 साल में इसने 1,550.99% और 3 साल में 1,925.68% का मुनाफा निवेशकों की झोली में डाला है.
(डिस्क्लेमर: यहां दी गई जानकारी शेयर के प्रदर्शन के आधार पर है. चूंकि स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिम के अधीन है इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइट इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से सलाह जरूर लें. आपको होने वाले किसी भी नुकसान के लिए News18 हिंदी जिम्मेदार नहीं होगा.)