Last Updated:
Mallikarjun Kharge Controversial Statement Reaction: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिताजी के संबंध में की गई टिप्पणी पर देश में सियासत गरमा गई है. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खड़गे के बयान की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे अमर्यादित और दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है. वहीं मोहन यादव ने भी कड़ी निंदा की.
खड़गे के बयान की शिवराज सिंह और मोहन यादव ने की निंदा.
Bhopal News: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिताजी के संबंध में की गई टिप्पणी के बाद देश की राजनीति गरमा गई है. इस बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस टिप्पणी पर कड़ा विरोध जताया है.
शिवराज ने कहा, खड़गेजी जैसे वरिष्ठ व्यक्ति से, जो अपने जीवन के उत्तरार्ध में हैं, मर्यादा में रहने की अपेक्षा थी. आगे कहा, भारत के जीवन मूल्य, परंपराएं और संस्कृति हमेशा किसी भी दिवंगत आत्मा का सम्मान करना सिखाती हैं. उन्होंने कहा कि यह ऐसा देश है, जहां दिवंगत होने के बाद दुश्मन के खिलाफ भी अमर्यादित भाषा का प्रयोग नहीं किया जाता.
हार से बौखलाई कांग्रेस
केंद्रीय मंत्री ने सवाल किया कि प्रधानमंत्री के स्वर्गवासी पिताजी के खिलाफ ऐसी भाषा का इस्तेमाल भारतीय सभ्यता, संस्कृति और शिष्टता के पूरी तरह खिलाफ है. उन्होंने कहा कि लगातार पराजित होने के कारण कांग्रेस नेता बौखला गए हैं और अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं. शिवराज सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के डीएनए में ही यह बात शामिल है कि गांधी परिवार के अलावा अगर कोई जनता के दिलों पर राज करता है, तो उसे और उसके पूरे परिवार को अपमानित किया जाए.
क्या कांग्रेस लेगी इस्तीफा?
शिवराज सिंह चौहान ने सोनिया गांधी से सीधा सवाल पूछा कि क्या मल्लिकार्जुन खड़गे ने यह टिप्पणी उनके या राहुल गांधी के कहने पर की है? उन्होंने पूछा कि यदि ऐसा नहीं है, तो क्या कांग्रेस पार्टी खड़गे से इस्तीफा लेगी और उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से हटाएगी? केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी देश की करोड़ों जनता के दिलों पर राज करते हैं और इस तरह के अपमानजनक बयानों से जनता का दिल कभी नहीं जीता जा सकता.
जतना माफ नहीं करेगी: मोहन यादव
वहीं दूसरी ओर, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज पटना में खड़गे की टिप्पणी की सख्त लहजे में निंदा की. उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए दिवंगत व्यक्तियों को भी राजनीति में घसीट रही है. मुख्यमंत्री ने कहा, राजनीतिक जीवन में विचारों का मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन भाषा और आचरण में मर्यादा बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है.
उन्होंने स्पष्ट किया कि राजनीतिक विरोध के दौरान भी गरिमा और शालीनता का ध्यान रखा जाना चाहिए. डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस का यह आचरण पूरे देश के सामने है और जनता इसे कभी माफ नहीं करेगी.