MP CG News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो दोनों राज्यों की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, उज्जैन, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट्स मिलेंगे. इसके अलावा आपको राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और अन्य काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आज का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सुबह 9:55 बजे बीजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे और बैठक में शामिल होंगे. वह सुबह 10:40 बजे अभनपुर के अनमोल आश्रय स्थल पहुंचेंगे, जहां वह 11:40 बजे तक पीएम मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का श्रवण करेंगे. सीएम दोपहर 12 बजे बीजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे.
उज्जैन में पानी के चैंबर को लेकर खूनी संघर्ष, लोहे की रॉड और डंडे से किया हमला, 3 आरोपी गिरफ्तार
उज्जैन के पंवासा थाना क्षेत्र में पानी के चैंबर को लेकर हुए विवाद में मारपीट और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है. ग्राम ताजपुर के मुल्तानीपुरा में हुए इस विवाद में आरोपियों ने फरियादी पक्ष के साथ गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड और बांस के डंडे से हमला कर दिया. घटना में कई लोग घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए उज्जैन के चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया. मामले में फरियादी की शिकायत पर पंवासा थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की. विवेचना के दौरान जानलेवा हमले से संबंधित धारा भी बढ़ाई गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों रेहान उर्फ बिट्टू, फरहान उर्फ चिकू और रईस खां को गिरफ्तार किया है. आरोपियों की निशानदेही पर मक्सी रोड स्थित ओम पाटीदार के वेयरहाउस के पास खेत के कच्चे रास्ते और झाड़ियों से वारदात में इस्तेमाल की गई दो लोहे की रॉड और एक बांस का डंडा बरामद कर जब्त किया गया है. फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है. उज्जैन पुलिस ने आमजन से अपील की है कि आपसी विवादों का समाधान शांतिपूर्ण और कानूनी तरीके से करें और कानून अपने हाथ में न लें.
OBC मुद्दे पर तेज हुई सियासत, आरक्षण समेत दूसरे मुद्दों को भुनाएगी कांग्रेस
मध्य प्रदेश में ओबीसी मुद्दे पर सियासत तेज हो गई है. कांग्रेस प्रदेश में आरक्षण समेत दूसरे मुद्दों को भुनाएगी. कांग्रेस में इसके लिए प्रदेश स्तरीय कमेटी का गठन किया गया है. प्रभारी हरीश चौधरी ने आधिकारिक आदेश जारी किया. कमेटी में कुल 7 सदस्यों को जगह दी गई है. ओबीसी वर्ग के लिए मजबूत रणनीति तैयार की जाएगी. पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, कमलेश्वर पटेल, हीना कांवरे, सिद्धार्थ कुशवाहा, विकास गुर्जर और राजकुमार पटेल को शामिल किया गया है.
मध्य प्रदेश में कोचिंग सेंटरों के लिए बदले नियम
मध्य प्रदेश में कोचिंग सेंटरों के लिए नियम बदल गए हैं. उच्च शिक्षा विभाग ने नोटिफिकेशन जारी किया है. इसमें कोचिंग सेंटर्स के रजिस्ट्रेशन, सुविधाओं, टीचर्स की योग्यता, सुरक्षा और शिकायतों से जुड़े प्रावधान रखे गए हैं. हर सेंटर को अपनी वेबसाइट बनानी होगी. वेबसाइट पर सेंटर की पूरी जानकारी, फीस, टीचर्स और फैसिलिटीज की पूरी जानकारी सार्वजनिक करनी होगी. सेंटर्स के रजिस्ट्रेशन के लिए 90 दिन की लिमिट है. रजिस्ट्रेशन तीन साल तक वैध होगा. एक से ज्यादा ब्रांच होने पर हर ब्रांच अलग सेंटर मानी जाएगी.
आज शहडोल और बड़वानी जिले के दौरे पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज शहडोल और बड़वानी जिले के दौरे पर रहेंगे. वह सुबह भोपाल में ‘सुशासन संवाद 3.0’ कार्यक्रम में शामिल होंगे. शहडोल में स्थानीय कार्यक्रम के तहत विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे. वह शहडोल में तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस राशि का वितरण करेंगे. 977696 हितग्राहियों को इसका लाभ मिलेगा. 22 करोड़ 89 लाख रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि मिलेगी. वहीं शहडोल को 461.73 करोड़ रुपये के 134 विकास कार्यों की सौगात मिलेगी. सीएम 379 करोड़ 45 लाख रुपये के 89 विकास कार्यों का भूमि-पूजन करेंगे. आज उनके द्वारा 82 करोड़ 28 लाख रुपये के 45 विकास कार्यों का लोकार्पण होगा. इसके बाद सीएम बड़वानी के ग्राम कल्दा में गायत्री धाम पहुंचेंगे. गायत्री परिवार के सदस्यों से संवाद और आदिवासी लोकनृत्य की प्रस्तुति का अवलोकन करेंगे. वह मलखंब खेल और गायत्री धाम की गौशाला का भी अवलोकन करेंगे. रात में गायत्री धाम परिसर में शरद उत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे. मुख्यमंत्री बड़वानी जिले में शिवपंथी नशामुक्ति कार्यक्रम में भी सहभागिता करेंगे.
बालोद में सड़क हादसे में महिला की मौत, तीन घायल
बालोद में कार और मोटरसाइकिल के बीच सीधी टक्कर होने से बड़ा हादसा हो गया. बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाइक चालक की हालत नाजुक बताई जा रही है. वहीं बाइक में बैठे दो बच्चे भी गंभीर रूप से घायल हैं. बालोद थाना क्षेत्र अंतर्गत बालोद से झलमला मुख्य मार्ग में हीरापुर मोर्ड के पास यह हादसा हुआ है. एक्सीडेंट के बाद गंभीर रूप से घायल बाइक चालक और दोनों बच्चों को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है.