Houthi-Saudi Arabia Conflict: हूतियों ने मक्का-मदीना को भी नहीं छोड़ा? सऊदी अरब ने किया दावा- मलबा पड़ा है अभी

Houthi-Saudi Arabia Conflict: हूतियों ने मक्का-मदीना को भी नहीं छोड़ा? सऊदी अरब ने किया दावा- मलबा पड़ा है अभी


Last Updated:

Saudi Arabia-Houthi Clash: सऊदी अरब और हूतियों के बीच चल रहे संघर्ष के बीच सऊदी अरब ने दावा किया है कि विद्रोहियों ने इस्लाम के पवित्र स्थल मक्का और मदीना को भी नहीं छोड़ा है. यहां तक मिसाइलों के मलबे पाए गए हैं, वहीं हूतियों ने इस दावे से इनकार किया है.

Zoom

सऊदी का दावा, मक्का-मदीना तक आ रही थीं मिसाइलें. (फाइल फोटो-रॉयटर्स)

Saudi Arabia-Houthi Clash: यमन में चल रही सऊदी समर्थित सरकार और हूतियों के संघर्ष के बीच एक बड़ा दावा ये आया है कि हूतियों की मिसाइलों का निशाना मक्का और मदीना की ओर भी था. इस दावे के बाद ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है. सऊदी अरब का कहना है कि उसने मक्का और मदीना क्षेत्रों की ओर आ रही बैलिस्टिक मिसाइलों को बीच में ही रोक दिया. इसके बाद इन मिसाइलों का मलबा सऊदी अरब के कई इलाकों में गिरा. हालांकि हूतियों ने मक्का और मदीना को निशाना बनाने के सऊदी अरब के दावे को खारिज कर दिया है.

सऊदी अरब के नागरिक सुरक्षा विभाग के मुताबिक 24 अक्टूबर को देश के पश्चिमी हिस्से में दो बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने के बाद उनके टुकड़े कई जगहों पर गिरे. इनमें मक्का के बाहर वादी मुगामास, जेद्दा का अल-नुज्हा इलाका, ताइफ का वादी जलील और राबिग का एक रिमोट एरिया शामिल है.

मक्का-मदीना पर हमला?

आपको बता दें कि मक्का और मदीना इस्लाम के दो सबसे पवित्र शहर हैं. ऐसे में इन क्षेत्रों की ओर मिसाइल आने की खबर ने मामले को बेहद संवेदनशील बना दिया है. सऊदी अधिकारियों ने इससे पहले भी पश्चिमी क्षेत्र के कई इलाकों में संभावित खतरे को लेकर चेतावनी जारी की थी और लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की थी. इससे पहले भी मक्का-मदीना की ओर हूतियों के मिसाइलें दागने का दावा किया जा चुका है, तब भी विद्रोहियों ने इससे इनकार किया था.

हूतियों ने आरोपों को नकारा

हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के इस दावे को गलत बताया है कि उन्होंने मक्का और मदीना को निशाना बनाया. समूह का कहना है कि उसके सैन्य अभियान सऊदी अरब के तेल ठिकानों और सैन्य अड्डों पर केंद्रित होते हैं. हूतियों के मुताबिक जब वे कोई हमला करते हैं, तो उसकी घोषणा भी करते हैं. हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने दावा किया कि 23-24 अक्टूबर को समूह ने सऊदी अरब के कई ठिकानों को निशाना बनाया. इनमें रियाद का किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, दम्माम और नजरान के हवाई अड्डे, खमीस मुशैत का एयरबेस और तेल पाइपलाइन से जुड़े ठिकाने शामिल बताए गए.

इस बीच यमन की सऊदी समर्थित सरकार ने आरोप लगाया कि हूतियों ने दक्षिणी बंदरगाह शहर अदन में तटरक्षक बल की सुविधाओं पर तीन बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं. इस बढ़ते संघर्ष ने 2022 में संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता से हुए युद्धविराम को कमजोर कर दिया है और अब इस इलाके में तनाव और बढ़ने की आशंका है.



Source link