Guna: कहां गईं सुहाना और रागिनी? दोनों बेटियां 15 सितंबर से लापता, गुस्साए बाल्मीकि समाज ने दे दी बड़ी चेतावनी

Guna: कहां गईं सुहाना और रागिनी? दोनों बेटियां 15 सितंबर से लापता, गुस्साए बाल्मीकि समाज ने दे दी बड़ी चेतावनी


Last Updated:

गुना जिले के कुम्भराज से 15 सितंबर से लापता बेटियों सुहाना और रागिनी की सुरक्षित बरामदगी के लिए बाल्मीकि समाज ने मोर्चा खोल दिया है. अखिल भारतीय बाल्मीकि महासभा ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर विशेष पुलिस टीम के गठन की मांग की है. जल्द कार्रवाई न होने पर पूरे जिले में सफाई कार्य बंद करने की चेतावनी दी गई है.

Zoom

ज्ञापन सौंपते अखिल भारतीय बाल्मीकि महासभा के सदस्य.

Guna News: गुना के कुम्भराज से बाल्मीकि समाज की दो बेटियों के अचानक गायब होने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है. लापता बेटियों की पहचान सुहाना और रागिनी के रूप में हुई है. दोनों बेटियां बीते 15 सितंबर से लापता हैं. काफी समय बीत जाने के बाद भी पुलिस को उनका कोई सुराग नहीं लगा है. इस कारण पीड़ित परिवार के साथ-साथ पूरे बाल्मीकि समाज में गहरा आक्रोश है.

दोनों बेटियों की सुरक्षित बरामदगी और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर बाल्मीकि समाज सड़कों पर उतर आया है. अखिल भारतीय बाल्मीकि महासभा ने इस मामले में जिला प्रशासन को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा है. ज्ञापन सौंपने वालों में महासभा के राष्ट्रीय सचिव नरेंद्र बीलरवान, नीरज मालवीय, कबूल चंद खरे और समाज के अन्य लोग प्रमुख रूप से शामिल रहे.

सफाई कार्य बंद करने की चेतावनी
ज्ञापन के माध्यम से महासभा ने शासन-प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है. समाज के लोगों का कहना है कि यदि पुलिस ने जल्द कोई ठोस कार्रवाई नहीं की तो स्थिति बिगड़ सकती है. महासभा ने चेतावनी दी कि वे पूरे गुना जिले में सफाई कार्य बंद कर देंगे. समाज के लोग जिले भर में कामबंद आंदोलन शुरू करने को मजबूर होंगे.

बेटियों की सुरक्षा के लिए लड़ाई
महासभा के राष्ट्रीय सचिव नरेंद्र बीलरवान ने कहा कि बाल्मीकि समाज की यह लड़ाई किसी के विरोध में नहीं है. यह लड़ाई केवल बेटियों की सुरक्षित वापसी और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए है. उन्होंने कहा कि यदि पुलिस-प्रशासन ने जल्द गंभीरता नहीं दिखाई तो समाज पूरे जिले में कामबंद आंदोलन करने पर मजबूर होगा.

बाल्मीकि समाज की मुख्य मांगें
1. दोनों बेटियों सुहाना और रागिनी की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की जाए.
2. इस पूरे मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जाए.
3. अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा की जाए और तलाश में तेजी लाई जाए.
4. जिला प्रशासन और पुलिस प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक कर अब तक की कार्रवाई की जानकारी साझा करे.
5. पीड़ित परिवारों को सुरक्षा और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए.



Source link