लाइसेंस से पहले ही जुटाया बारूद का जखीरा: दिल्ली में 2375 KG ग्रीन पटाखे बरामद
Last Updated:
Delhi Green Crackers: त्योहारों के सीजन में पटाखों के अवैध भंडारण पर दिल्ली पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है. उत्तर-पश्चिम जिले की शालीमार बाग थाना पुलिस ने हैदरपुर गांव के एक गोदाम में छापा मारकर करीब 2,375 किलोग्राम यानी 23 क्विंटल से ज्यादा हरे पटाखे जब्त किए हैं.
दिल्ली पुलिस ने 23 क्विंटल से ज्यादा पटाखे बरामद किए हैं.
Delhi Green Crackers: दिल्ली में पटाखों के स्टोर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने हैदरपुर गांव के एक गोदाम से करीब 2,375 किलोग्राम यानी 23 क्विंटल 75 किलो हरे पटाखे बरामद किए हैं. दिल्ली पुलिस के मुताबिक इस मामले में दो व्यक्तियों की भूमिका मिली. जो पटाखों के भंडारण से संबंधित वैध लाइसेंस या अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सके. दिल्ली पुलिस की ओर से 25 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, शालीमार बाग थाने में तैनात हेड कांस्टेबल अमित कुमार यादव और हेड कांस्टेबल कुलदीप बलियान को बीट पेट्रोलिंग के दौरान हैदरपुर गांव के गोविंद मोहल्ले में एक गोदाम में पटाखे रखे होने की सूचना मिली थी.
सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची. गोदाम पर ताला लगा होने के कारण उसके मालिक को बुलाया गया. इसके बाद नियमानुसार तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में हरे पटाखे रखे मिले. संबंधित व्यक्तियों से भंडारण की अनुमति मांगी गई, लेकिन वे आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके. पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि पटाखे इस उद्देश्य से खरीदे गए थे कि लाइसेंस मिलने के बाद उन्हें बेचा जा सके. हालांकि, उस समय लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई थी.
इस मामले में शालीमार बाग थाने में FIR नंबर 367/2026 दर्ज की गई है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 223(b), 288 और विस्फोटक अधिनियम की धारा 5/9(B) के तहत मामला दर्ज कर पटाखों को जब्त कर लिया है. मामले में रोहन गाबा और भाव्य जग्गी के नाम सामने आए हैं. पुलिस ने दोनों की भूमिका को लेकर जांच शुरू की है. दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से पटाखों की खरीद, बिक्री और भंडारण से जुड़े लागू नियमों का पालन करने की अपील की है. पुलिस का कहना है कि अनधिकृत भंडारण जनसुरक्षा के लिए जोखिम पैदा कर सकता है. फिलहाल, मामले की आगे की जांच जारी है.