Dhanush Political Entry | Why This Kolaveri Di सॉन्ग गाने वाले धनुष आएंगे राजनीति में! 3000 महिला फैंस से की मुलाकात, जानिए इसके मायने

Dhanush Political Entry | Why This Kolaveri Di सॉन्ग गाने वाले धनुष आएंगे राजनीति में! 3000 महिला फैंस से की मुलाकात, जानिए इसके मायने


Why This Kolaveri Di सॉन्ग गाकर रातोंरात स्टार बने साउथ इंडियन एक्टर धनुष एक बार फिर से चर्चा में हैं. साल 2011 में जिस तरह से धनुष ने अनूठी टैंग्लिश शैली में कोलावेरी-कोलावेरी सॉन्ग गाकर इंटरनेट पर सेंसेशन पैदा कर दिया था, उसी तरह एक बार फिर से वह सनसनी पैदा करने जा रहे हैं. दरअसल दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपर स्टार धनुष की राजनीति में एंट्री को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं. अभिनेता 25 अक्टूबर 2026 को अपने आधिकारिक फैन क्लब से जुड़ी 3,000 से अधिक महिला सदस्यों से मुलाकात करने जा रहे हैं. इस मुलाकात को ऐसे समय में अहम माना जा रहा है, जब उनके फैन क्लब का नाम बदलकर धनुष नरपानी इयक्कम (धनुष वेलफेयर मूवमेंट) कर दिया गया है.

धनुष को लेकर दिल्ली से लेकर चैन्नई तक चर्चा का बाजार गर्म है. धनुष की राजनीति में उतरने की चर्चा बीते कई दिनों से चल रही है. रविवार को धनुष की इस मुलाकात और फैन क्लब के नए नाम के बीच तमिलनाडु की राजनीति में नई संभावनाओं को लेकर चर्चा शुरू हो गई है. हालांकि, अभिनेता ने अभी तक अपनी राजनीतिक एंट्री को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है.

फैन क्लब का नाम बदला, नए लोगो से भी मिले सियासी संकेत

43 वर्षीय धनुष चेन्नई के बाहरी इलाके में स्थित एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज में अपने फैन क्लब की महिला पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों से मुलाकात करेंगे. हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, कार्यक्रम स्थल को अभिनेता की तस्वीरों वाले बैनर और पोस्टर से सजाया गया है.

धनुष के फैन क्लब का नाम बदलने के प्रस्ताव को 14 अक्टूबर को कोयंबटूर में हुई पदाधिकारियों की बैठक में औपचारिक मंजूरी दी गई थी. संगठन ने नया लोगो भी जारी किया है. इसमें धनुष हाथ जोड़कर खड़े नजर आ रहे हैं. उनके पीछे लाल रंग का सितारा है और चारों ओर लाल-सफेद रंग का गोलाकार डिजाइन बनाया गया है.

फैन क्लब को वेलफेयर मूवमेंट में बदलने के कदम को अभिनेता की संभावित राजनीतिक तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि, सामाजिक गतिविधियों के लिए संगठन का विस्तार करना अपने आप में राजनीति में उतरने की पुष्टि नहीं करता.

धनुष को इस साल नेशनल अवॉर्ड मिला है.

कांग्रेस ने बीजेपी पर साधा निशाना

धनुष की संभावित राजनीतिक एंट्री की चर्चाओं के बीच तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद मणिकम टैगोर ने बीजेपी पर निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी तमिलनाडु में फिल्मी सितारों और नए राजनीतिक संगठनों को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रही है. टैगोर ने अभिनेता का नाम लिए बिना राज्य में ‘ऑपरेशन D’ चलने का दावा किया. उन्होंने कहा कि बीजेपी पहले भी फिल्मी हस्तियों को राजनीति में लाने की कोशिश करती रही है.

कांग्रेस सांसद के मुताबिक, बीजेपी ने एआईएडीएमके को पहले ही खत्म कर दिया है और अभिनेता रजनीकांत के जरिए राजनीतिक पार्टी बनाने की कोशिश भी की थी. उन्होंने तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई पर भी नई राजनीतिक इकाई बनाने की कोशिश का आरोप लगाया. टैगोर ने कहा कि इन प्रयासों के पीछे एक खास विचारधारा को आगे बढ़ाने की कोशिश है, जिसे उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की विचारधारा बताया.

धनुष और ममूटी ने केक काट नेशनल अवॉर्ड्स जीतने को सेलिब्रेट किया. (फोटो साभारः एक्स @mammukka)

उन्होंने यह भी कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी को भी राजनीतिक पार्टी बनाने का अधिकार है. उनके बयान को धनुष की संभावित राजनीतिक एंट्री के संदर्भ में देखा जा रहा है, हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर अभिनेता का नाम नहीं लिया.

धनुष पहले ही दे चुके हैं सामाजिक काम पर जोर

धनुष ने इससे पहले 27 जुलाई को तिरुवल्लूर जिले में आयोजित एक कार्यक्रम में अपने प्रशंसकों से सामाजिक कल्याण के कामों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की थी. उन्होंने कहा था कि फैंस की एकजुटता का उद्देश्य केवल फिल्मों के ऑडियो लॉन्च और मनोरंजन से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होना नहीं होना चाहिए.

अभिनेता ने प्रशंसकों से अपने आसपास रहने वाले लोगों और जरूरतमंद परिवारों की मदद करने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया था. उनके इस संदेश को अब फैन क्लब के वेलफेयर मूवमेंट में बदलने के फैसले से जोड़कर देखा जा रहा है.

दिल्ली में नेताओं से मुलाकात की भी चर्चा

पिछले सप्ताह आई कुछ खबरों में दावा किया गया था कि धनुष ने दिल्ली का दौरा कर राजनीतिक नेताओं से मुलाकात की थी. हालांकि, इन मुलाकातों के उद्देश्य और उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. धनुष की राजनीति में संभावित एंट्री को लेकर डीएमके के वरिष्ठ नेता एस. रेगुपति ने कहा कि लोकतांत्रिक देश में किसी भी व्यक्ति को राजनीति में आने का अधिकार है.

धनुष और मृणाल ठाकुर

साल 2011 में एक्टर धनुष के गाए गाने कोलावरी डी तमिल और अंग्रेजी भाषा को मिलाकर लिखा गया था. अनिरुद्ध रविचंदर ने गाने को कंपोज किया था. इस हिट गाने का लोगों पर जादू सा असर हुआ था. उत्तर भारत के लोग गाने का मतलब भी नहीं समझ रहे थे, लेकिन इसकी धुन और संगीत पर झूम रहे थे. युवा गाने का अर्थ जाने इसके भाव को दिल में महसूस कर रहे थे. ऐसे में धनुष की राजनीतिक योजनाओं पर दक्षिण से उत्तर भारत की भी नजर है. हालांकि, आधिकारिक मुहर नहीं लगी है. लेकिन फैन क्लब का नाम बदलना, महिला पदाधिकारियों के साथ प्रस्तावित बड़ी बैठक और कांग्रेस की ‘ऑपरेशन D’ वाली टिप्पणी ने तमिलनाडु के राजनीतिक गलियारों में इस चर्चा को जरूर तेज कर दिया है.



Source link