80.97 करोड़ खर्च कर बुलंदशहर के दो मार्गों को किया जाएगा चौड़ा, 2.5 लाख वाहन भरेंगे फर्राटा

80.97 करोड़ खर्च कर बुलंदशहर के दो मार्गों को किया जाएगा चौड़ा, 2.5 लाख वाहन भरेंगे फर्राटा


Last Updated:

UP Infrastructure: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में 80.97 करोड़ रुपए खर्च कर 2 प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण किया जाएगा. बुलंदशहर-स्याना-गढ़ मार्ग और औरंगाबाद से अनामिका शुगर मिल तक. यह मार्ग चौड़े होने के बाद 2.5 लाख से ज्यादा गाड़ियां फर्राटे भरेंगी और ट्रैफिक का सामना नहीं करना पड़ेगा.

Zoom

57 करोड़ से चौड़ा होगा बुलंदशहर-स्याना-गढ़ मार्ग

बुलंदशहर: यूपी के बुलंदशहर जिले में सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए दो प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण की स्वीकृति मिली है. बुलंदशहर-स्याना-गढ़ मार्ग पर स्याना से जनपद की सीमा तक सड़क को चौड़ा करने के लिए 57 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं. वहीं, औरंगाबाद से अनामिका शुगर मिल तक करीब 12.5 किलोमीटर लंबे मार्ग के चौड़ीकरण पर 23.97 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.

दोनों परियोजनाओं पर कुल 80.97 करोड़ रुपये खर्च होंगे. सड़क चौड़ीकरण से जहां स्टेट हाईवे पर रोजाना गुजरने वाले 2.5 लाख से अधिक वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं गन्ना किसानों को भी अपनी उपज शुगर मिल तक पहुंचाने में सहूलियत होगी.

57 करोड़ से चौड़ा होगा बुलंदशहर-स्याना-गढ़ मार्ग
बुलंदशहर-स्याना-गढ़ मार्ग जिले के प्रमुख मार्गों में शामिल है. इस मार्ग से प्रतिदिन ढाई लाख से अधिक छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं. इसके अलावा स्टेट हाईवे के आसपास के 130 से अधिक गांवों के लोगों का आवागमन होता है. सड़क के चौड़ीकरण से इन गांवों के लोगों को सीधा फायदा मिलेगा. लोक निर्माण विभाग की ओर से स्याना से जनपद की सीमा तक करीब 13 किमी लंबी सड़क चौड़ीकरण के लिए 57 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है.

इस हिस्से को करीब 10 मीटर चौड़ा किया जाएगा. मार्ग के शेष हिस्से का चौड़ीकरण पहले ही कराया जा चुका है. अब स्याना से जनपद की सीमा तक सड़क चौड़ी होने से मार्ग का यह हिस्सा भी बेहतर हो सकेगा. स्वीकृति मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग के अधिकारी टेंडर प्रक्रिया में जुट गए हैं. टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा. सड़क चौड़ी होने से वाहन चालकों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और व्यस्त मार्ग पर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी.

23.97 करोड़ से चौड़ा होगा औरंगाबाद-अनामिका शुगर मिल मार्ग
औरंगाबाद से अनामिका शुगर मिल तक करीब 12.5 किलोमीटर लंबे मार्ग के चौड़ीकरण के लिए भी शासन ने 23.97 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है. इस मार्ग के चौड़ीकरण से गन्ना किसानों को राहत मिलेगी. किसानों को गन्ने की उपज लेकर मिल तक पहुंचने में होने वाली परेशानियों से निजात मिलने की उम्मीद है.

विधायक प्रदीप चौधरी के प्रस्ताव पर शासन की ओर से इस सड़क के चौड़ीकरण को मंजूरी दी गई है. परियोजना के लिए पहली किश्त के तौर पर 11.98 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं. इससे निर्माण कार्य की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है.

किसानों और वाहन चालकों को मिलेगी राहत
दोनों मार्गों के चौड़ीकरण से जिले में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी. बुलंदशहर-स्याना-गढ़ मार्ग पर 2.5 लाख से अधिक वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है. सड़कें चौड़ी होने से ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ ही स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है. अब दोनों परियोजनाओं के निर्माण की प्रक्रिया पूरी होने और काम शुरू होने का इंतजार है. राहुल शर्मा, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग ने बताया कि शासन ने दो सड़कों के चौड़ीकरण की मंजूरी दी है. शासन के निर्देशानुसार अब सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा रही है. जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा.



Source link