Last Updated:
Jharkhand Aaj Ka Mausam: रांची में आज सुबह हल्का कुहासा छाया रहा. मौसम विभाग के अनुसार 27 अक्टूबर से झारखंड में मौसम का मिजाज बदल जाएगा. बंगाल की खाड़ी के चक्रवात के असर से 28 और 29 अक्टूबर को राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश के आसार हैं.
झारखंड वेदर अपडेट(सांकेतिक फोटो)
रांची: झारखंड में अक्टूबर के आखिरी हफ्ते में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है. बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर अब राज्य में दिखने लगा है. राजधानी रांची समेत झारखंड के कई हिस्सों में जल्द ही बारिश शुरू होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार 27 अक्टूबर से मौसम में बदलाव आ जाएगा, वहीं 28 और 29 अक्टूबर को कई इलाकों में गरज के साथ भारी बारिश हो सकती है.
आज कैसा रहेगा रांची का मौसम?
रांची में आज (25 अक्टूबर) की सुबह की शुरुआत हल्के कुहासे के साथ हुई. दिन चढ़ने के साथ आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है. आज रांची का अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 से 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
कल यानी 26 अक्टूबर से आसमान में आंशिक रूप से बादल छाने लगेंगे. सोमवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है.
बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी का मौसमी सिस्टम काफी मजबूत हो रहा है. 26 अक्टूबर की सुबह तक इसके चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है. यह तूफान उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटीय इलाकों की तरफ बढ़ेगा. जिसका सीधा असर झारखंड के मौसम पर भी पड़ेगा.
27 से 29 अक्टूबर तक बारिश का अलर्ट
राज्य में 27 अक्टूबर से बारिश का दौर शुरू हो सकता है. इस दिन पूर्वी, दक्षिणी और मध्य भागों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है.
- 28 अक्टूबर: झारखंड के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है.
- 29 अक्टूबर: दक्षिणी, मध्य और उत्तर-पश्चिमी इलाकों में तेज बारिश के आसार हैं.
रांची में भी इन दो दिनों के दौरान बादल छाए रहेंगे और बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने सलाह दी है कि 28 और 29 अक्टूबर को यात्रा पर निकलने से पहले लोग मौसम का ताजा अपडेट जरूर देख लें.