पिंक जर्सी में क्यों उतरी पाकिस्तानी टीम? इस नेक मुहिम के लिए उठाया है कदम
Last Updated:
पाकिस्तान क्रिकेट टीम इंग्लैंड के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज में पिंक जर्सी पहनकर मैदान पर उतरी है. पाकिस्तान क्रिकेट टीम परंपरागत तौर पर हरे रंग की किट में नजर आती है, लेकिन पिंक जर्सी के पीछे एक खास मकसद बताया जा रहा है. दरअसल, पाकिस्तान में स्तन कैंसर के प्रति जागरुकता को बढ़ावा देने के लिए खिलाड़ी पिंक जर्सी में मैदान पर उतरे हैं.
पाकिस्तान क्रिकेट टीम
नई दिल्ली: इंग्लैंड के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज के मुकाबले में पाकिस्तान क्रिकेट टीम पिंक जर्सी में मैदान पर उतरी. यह खास जर्सी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को समय पर जांच कराने के लिए प्रोत्साहित करने के प्रयासों का हिस्सा है. यह पहल अक्टूबर महीने के दौरान आयोजित की जा रही है, जिसे दुनिया भर में स्तन कैंसर जागरूकता महीना के रूप में मनाया जाता है.
पीसीबी ने जागरूकता फैलाने और इलाज की जरूरत वाले मरीजों की मदद के लिए पिंक रिबन ब्रेस्ट कैंसर ट्रस्ट अस्पताल के साथ हाथ मिलाया है. स्तन कैंसर जागरूकता के लिए इंग्लैंड की टीम ने भी पाकिस्तान का समर्थन किया है. इसके लिए इंग्लैंड के खिलाड़ी, मैच अधिकारी और कमेंटेटर गुलाबी रिबन पहने हुए हैं. मैच के दौरान स्टंप्स भी गुलाबी रंग के हैं और स्टेडियम की स्क्रीन और विज्ञापन बोर्डों पर स्तन कैंसर जागरूकता से जुड़े मैसेज दिखाए जा रहे हैं.
24 से 26 अक्टूबर के बीच मुफ्त जांच की व्यवस्था
बता दें कि पीसीबी ने पिंक रिबन ब्रेस्ट कैंसर ट्रस्ट अस्पताल के साथ अपनी साझेदारी के माध्यम से 24 से 26 अक्टूबर तक फैंस के लिए स्तन कैंसर की मुफ्त जांच की व्यवस्था भी की है. पीसीबी के अधिकारी सुमैर अहमद सैयद ने कहा, “पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड हमारे देश में क्रिकेट के प्रति जबरदस्त लगाव और प्रभाव से जुड़ी जिम्मेदारी को समझता है.”
उन्होंने आगे कहा, “इस पिंक रिबन पहल के माध्यम से हम स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने और शुरुआती पहचान व समय पर डॉक्टरी देखभाल के महत्व को उजागर करने के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के मंच का उपयोग करना चाहते हैं.”
फाइनल में जगह बनाने के लिए मैदान पर उतरी है इंग्लैंड
श्रीलंका के खिलाफ 429 रन बनाकर भी हारने वाली इंग्लैंड के लिए पाकिस्तान के साथ यह मैच करो या मरो का है. वहीं, पाकिस्तान फाइनल में अपनी जगह पक्की करने के लिए लगातार तीसरी जीत का लक्ष्य रखेगा, जबकि इंग्लैंड को अपने शुरुआती दोनों मैच हारने के बाद जीत की सख्त जरूरत है.
इंग्लैंड को अपनी पिछली भिड़ंत में पाकिस्तान के खिलाफ 87 रनों से हार का सामना करना पड़ा था. इसके अलावा, हैरी ब्रुक के रिकॉर्ड-तोड़ दोहरे शतक बनाने के बावजूद, इंग्लैंड को हाल ही में वनडे इतिहास के सबसे बड़े सफल रन-चेज़ में से एक का सामना करना पड़ा था.