अनंत सिंह पर एक्शन के बाद ललन सिंह एक्टिव, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से बंद कमरे में 30 मिनट तक मुलाकात, क्या हुई बात

अनंत सिंह पर एक्शन के बाद ललन सिंह एक्टिव, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से बंद कमरे में 30 मिनट तक मुलाकात, क्या हुई बात


Last Updated:

Anant Singh News: मोकामा विधायक अनंत सिंह के जदयू से निष्कासन के बाद बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गई है. पार्टी ने अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी को छह साल के लिए बाहर का रास्ता दिखाया है. इसके साथ ही अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की अनुशंसा भी की गई है. इस बड़े फैसले के बाद केंद्रीय मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलने मुख्यमंत्री आवास पहुंचे. दोनों नेताओं के बीच करीब आधे घंटे से अधिक समय तक बंद कमरे में बातचीत हुई. इस मुलाकात को बेहद अहम माना जा रहा है और इसके बाद सियासी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है.

Zoom

केंद्रीय मंत्री ललन सिंह (फाइल फोटो)

पटना. बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह और उनकी पत्नी पूर्व विधायक नीलम देवी को जेडीयू से निष्कासित कर दिया गया है. 24 अक्टूबर की शाम को हुई इस कार्रवाई के तत्काल बाद पार्टी ने विधानसभा अध्यक्ष से सदस्यता रद्द करने की अनुशंसा भी कर दी. अब इस बड़े एक्शन के ठीक एक दिन बाद केंद्रीय मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह सीधे मुख्यमंत्री आवास पहुंचे, जहां उनकी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से करीब 30 मिनट तक बंद कमरे में बातचीत हुई. ललन सिंह और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मुलाकात को राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

सूत्रों के मुताबिक, ललन सिंह ने मुख्यमंत्री को पार्टी के फैसले की जानकारी दी और अनंत सिंह के खिलाफ हुई कार्रवाई और उसके पीछे की परिस्थितियों पर चर्चा हुई. इस मुलाकात में सबसे ज्यादा चर्चा अनंत सिंह पर हुई कार्रवाई को लेकर ही हुई. ललन सिंह ने सीएम सम्राट चौधरी को बताया कि किन परिस्थितियों में पार्टी को इतना कड़ा फैसला लेना पड़ा. साथ ही आगे अनंत सिंह को लेकर क्या-क्या कदम उठाए जा सकते हैं, इस पर भी दोनों नेताओं में मंथन होने की चर्चा है. हालांकि, मुलाकात के एजेंडे को लेकर दोनों नेताओं की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

अनंत सिंह और नीरज कुमार के विवाद ने बढ़ाई थी मुश्किल

दरअसल, विधान परिषद चुनाव में अनंत सिंह और जदयू एमएलसी नीरज कुमार के बीच जारी विवाद पिछले कई दिनों से बिहार की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ था. अनंत सिंह लगातार नीरज कुमार पर हमलावर थे. मामला इतना बढ़ा कि पार्टी नेतृत्व को हस्तक्षेप करना पड़ा. जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने भी इस विवाद को सुलझाने की जिम्मेदारी ललन सिंह को दिए जाने की बात कही थी. उन्होंने इसकी वजह बताते हुए कहा था कि ललन सिंह इस इलाके से आते हैं, यहां के सांसद हैं और क्षेत्र की राजनीतिक परिस्थितियों को बेहतर समझते हैं.

ललन सिंह ने भी उठाए थे कार्रवाई पर सवाल

विवाद के बीच ललन सिंह की प्रतिक्रिया ने भी सियासी हलचल बढ़ाई थी. उन्होंने कहा था कि अगर पार्टी अनंत सिंह पर कार्रवाई करती है, तो नीरज कुमार पर भी कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा था कि पार्टी से इस मामले में भूल हुई है. लेकिन इसके कुछ ही समय बाद जदयू ने 24 अक्टूबर की शाम अनंत सिंह और नीलम देवी को छह साल के लिए निष्कासित करने का फैसला सुना दिया. इतना ही नहीं पार्टी ने अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की अनुशंसा भी विधानसभा अध्यक्ष से की है.

अब आगे क्या होगा?

दरअसल, जिस विवाद को सुलझाने की बात हो रही थी, उसमें एक्शन सीधे अनंत सिंह और उनकी पत्नी के पार्टी से निष्कासन तक पहुंच गया. इस बीच अब ललन सिंह का तुरंत CM आवास जाकर सम्राट चौधरी से मिलना इस पूरे मामले को नया मोड़ दे रहा है. फिलहाल ये मामला सिर्फ पार्टी की अंदरूनी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहा. सीएम आवास में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से ललन सिंह की ये 30 मिनट की बंद कमरे की बैठक कई संकेत दे रही है. अब सबकी नजर इस पर है कि सरकार और जदयू आगे अनंत सिंह को लेकर क्या फैसला लेते हैं और मोकामा की इस सियासी लड़ाई का अगला अध्याय क्या होगा.



Source link