Last Updated:
क्रेडिट कार्ड का सिर्फ मिनिमम पेमेंट करना आपको कर्ज के गहरे जाल में फंसा सकता है. 50000 रुपये के बिल पर अगर आप हर महीने न्यूनतम राशि यानी 2500 रुपये चुकाते हैं, तो एक साल में 30000 रुपये भरने के बाद भी आप पर करीब 44780 रुपये का कर्ज बाकी रह जाता है. इस मिनिमम ड्यू के पीछे का कैलकुलेशन जानते हैं.
क्रेडिट कार्ड का मिनिमम पेमेंट करना भारी पड़ेगा.
50000 का क्रेडिट कार्ड का बिल, आपने हर बार मिनिमम ड्यू चुकाया और 30 हजार जमा कर दिए, फिर भी 44780 रुपये अभी देना है. ऐसा क्यों? यह सवाल कई बार आपके मन में भी आया होगा. तो अगर आप भी अपने क्रेडिट कार्ड का पूरा बिल चुकाने के बजाय हर महीने सिर्फ मिनिमम ड्यू का भुगतान करके खुश हो जाते हैं तो ये गलती मत कीजिए . बैंक का यह मिनिमम पेमेंट असल में कोई राहत नहीं, बल्कि कर्ज का एक ऐसा जाल है जो आपको कभी बिल से मुक्त नहीं होने देता.
जब आप केवल न्यूनतम राशि का भुगतान करते हैं, तो बैंक सिर्फ आप पर लगने वाली लेट फीस माफ करता है. लेकिन आपके बचे हुए बिल पर भारी-भरकम फाइनेंस चार्ज लगना शुरू हो जाता है. आइए इसे नए आंकड़ों के साथ एकदम आसान गणित में समझते हैं.
पूरा कैलकुलेशन समझिए
मान लीजिए आपके क्रेडिट कार्ड का बिल 50000 रुपये है. बैंक बचे हुए बिल पर हर महीने 3.5% का फाइनेंस चार्ज वसूलता है और आप तय करते हैं कि हर महीने सिर्फ 5% यानी 2500 रुपये का मिनिमम पेमेंट करेंगे. तो एक साल में आपने चुकाए 30,000 रुपये. इसके बाद शुरू होता है ब्याज और टैक्स का खेल. 50,000 रुपये पर 3.5% के हिसाब से हर महीने 1750 ब्याज बनता है. इस पर 18% GST यानी 315 रुपये भी लगता है. यानी आपके 2500 रुपये में से 2065 तो सीधे बैंक के ब्याज और टैक्स में कट जाते हैं.
बिल कितना कम हुआ
आपके मूल बिल में से हर महीने मात्र 435 ही कम हो रहे हैं. एक साल में आपने 30000 रुपये भर दिए, लेकिन आपके 50 हजार के बिल में से सिर्फ 5220 ही कम हुए. यानी अब भी आपके सिर पर 44,780 का कर्ज बाकी है!
मुफ्त ब्याज का फायदा भी खत्म
मिनिमम पेमेंट करने का सबसे बड़ा नुकसान यह है कि आपकी 40-50 दिन की इंटरेस्ट-फ्री सुविधा तुरंत खत्म हो जाती है. इसके बाद आप कार्ड से जो भी नई खरीदारी चाहे 100 रुपये की ही क्यों न हो, अगर करते हैं तो उस पर पहले ही दिन से 3.5% का तगड़ा ब्याज लगना शुरू हो जाता है. इसलिए, क्रेडिट कार्ड से हमेशा उतनी ही खरीदारी करें, जिसका बिल आप अगले महीने पूरा का पूरा चुका सकें. मिनिमम ड्यू भरते रहेंगे, तो सालों-साल तक कर्ज के इस चक्रव्यूह से बाहर नहीं निकल पाएंगे.