एक पार्टी में हुआ झगड़ा, फिर चाकुओं से हमला, दिल्ली में 25 साल के युवक की मौत
Last Updated:
जन्मदिन की पार्टी में हुआ अपमान इतना भारी पड़ा कि एक युवक की जान चली गई. दिल्ली के सिरसपुर में चार नाबालिगों पर 25 साल के विशाल की चाकू घोंपकर हत्या करने का आरोप है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बदला लेने के लिए विशाल की दिनचर्या पर नजर रखी थी. आखिर उस पुरानी रंजिश में क्या हुआ था?
जन्मदिन की रंजिश में युवक की हत्या
नई दिल्ली: कभी-कभी छोटी-सी पुरानी दुश्मनी इतनी बढ़ जाती है कि उसका अंजाम किसी की मौत बन जाता है. दिल्ली के सिरसपुर में भी कुछ ऐसा ही हुआ, जहां जन्मदिन की पार्टी को लेकर शुरू हुई रंजिश ने एक युवक की जान ले ली. आरोप है कि चार नाबालिगों ने विशाल से बदला लेने के लिए उसकी दिनचर्या पर नजर रखी और मौका मिलते ही उस पर चाकू से हमला कर दिया.
पुलिस के मुताबिक, घटना 23 और 24 अक्टूबर की दरमियानी रात सिरसपुर में संडे बाजार चौक के पास हुई. विशाल पर कई बार चाकू से वार किया गया. हमले की सूचना मिलने के बाद समयपुर बादली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. वहां खून के धब्बे मिले.
अस्पताल में तोड़ा दम
पुलिस के अनुसार, जीवन पार्क में रहने वाले विशाल के सीने, पेट और बाईं जांघ के ऊपरी हिस्से पर चाकू से कई वार किए गए थे. घायल हालत में उसे बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले
मामले की जांच के लिए पुलिस ने इलाके और आसपास की जगहों के 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी. इनमें हमले के बाद आरोपी मौके से भागते दिखाई दिए. स्थानीय लोगों से पूछताछ और मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने सिरसपुर से चारों नाबालिगों को पकड़ लिया. सभी की उम्र 17 साल बताई गई है.
जन्मदिन की पार्टी से शुरू हुई थी रंजिश
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कुछ महीने पहले विशाल और उसके दोस्तों ने उनका जन्मदिन का जश्न बिगाड़ दिया था. आरोप है कि उन्होंने नाबालिगों को अपमानित किया और उनमें से एक के साथ मारपीट भी की थी. इसी बात को लेकर वे विशाल से नाराज थे.
पुलिस के अनुसार, आरोपियों को पता था कि विशाल देर रात काम से घर लौटता है. उन्होंने उसकी दिनचर्या पर नजर रखी और कथित तौर पर बदला लेने की साजिश रची. फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.