Last Updated:
Carbide Gun: पिछले साल दीवाली पर कार्बाइड गन के इस्तेमाल से आंखों में गंभीर चोटों के कई मामले सामने आने के बाद इस बार उज्जैन पुलिस इस खतरनाक उपकरण को लेकर सतर्कता बरत रही है. कार्बाइड की पानी के साथ प्रतिक्रिया से एसिटिलीन गैस बनती है, जो काफी ज्यादा ज्वलनशील होती है.
उज्जैन पुलिस पटाखा दुकानों पर जाकर चेकिंग कर रही है.
रिपोर्ट- अजय पटवा, उज्जैन. मध्य प्रदेश के उज्जैन में दीपावली के त्योहार को देखते हुए पुलिस अलर्ट मोड पर है. त्योहार के दौरान आगजनी और विस्फोट जैसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पटाखा दुकानों की जांच की. इस दौरान दुकानदारों को वैध लाइसेंस, अग्नि सुरक्षा और विस्फोटक सामग्री के भंडारण से जुड़े नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए. साथ ही कार्बाइड गन और कार्बाइड लैंप जैसे खतरनाक उपकरणों की बिक्री और उपयोग पर लागू प्रतिबंधों का पालन करने की हिदायत भी दी गई.
दीपावली पर आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उज्जैन पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विभिन्न क्षेत्रों में पटाखा दुकानों की चेकिंग कर व्यापारियों को सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है. जांच के दौरान पुलिस ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पटाखों की बिक्री केवल वैध लाइसेंस और आवश्यक अनुमतियों के साथ निर्धारित स्थानों पर ही की जाए. बिना अनुमति पटाखों का भंडारण करने और निर्धारित क्षमता से अधिक विस्फोटक सामग्री रखने पर कार्रवाई की जा सकती है. पुलिस ने दुकानों में अग्निशमन उपकरण रखने, बिजली के तारों की सुरक्षित व्यवस्था करने और आग पैदा करने वाले साधनों से पटाखों को दूर रखने की समझाइश भी दी.
कार्बाइड गन और लैंप पर खास नजर
पिछली दीपावली के दौरान कार्बाइड गन के इस्तेमाल से आंखों में गंभीर चोटों के मामले सामने आने के बाद इस बार पुलिस इन खतरनाक उपकरणों को लेकर भी सतर्कता बरत रही है. कार्बाइड की पानी के साथ प्रतिक्रिया से एसिटिलीन गैस बनती है, जो अत्यधिक ज्वलनशील होती है. ऐसे उपकरणों में गैस के अनियंत्रित रूप से जमा होने पर विस्फोट का खतरा रहता है. इससे आंखों, चेहरे और शरीर पर गंभीर चोट लग सकती है. पुलिस ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि कार्बाइड गन और कार्बाइड लैंप का निर्माण, बिक्री, भंडारण या उपयोग न करें. इनके संबंध में प्रतिबंध लागू हैं. बच्चों को भी ऐसे खतरनाक उपकरणों से दूर रखने की सलाह दी गई है.
नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई
उज्जैन के सीएसपी ने कहा कि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना लाइसेंस पटाखों की बिक्री, अवैध भंडारण और लागू प्रतिबंधों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ संबंधित कानूनों के तहत कार्रवाई की जाएगी. नियमों के उल्लंघन की स्थिति में विस्फोटक सामग्री जब्त करने और लाइसेंस के निलंबन या निरस्तीकरण जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है. पुलिस ने नागरिकों से अधिकृत दुकानों से ही पटाखे खरीदने, सुरक्षा नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना संबंधित थाने को देने की अपील की है.
बहरहाल दीपावली का त्योहार सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जा सके, इसके लिए उज्जैन पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है. अब देखना होगा कि चेकिंग अभियान के जरिए सुरक्षा नियमों का पालन कितना सुनिश्चित हो पाता है.