आखिर शरद पूर्णिमा पर क्यों रखी जाती है खुले आसमान नीचे खीर? जानिए रहस्य
Last Updated:
Sharad Purnima 2026 Kheer Significance: शरद पूर्णिमा की रात का विशेष महत्व है, इस खास अवसर पर खीर को खुले आसमान के नीचे रखने की परंपरा है. इसके पीछे कई धार्मिक और वैज्ञानिक कारण जुड़े हुए हैं. मान्यता है कि इस रात चंद्रमा की किरणों से अमृत बरसता है, जो स्वास्थ्य के लिए बहुत लाभकारी होता है. इस लेख में जानिए शरद पूर्णिमा पर खीर रखने के पीछे का संपूर्ण रहस्य और इसके अचूक फायदे.
Sharad Purnima 2026 Kheer Significance: आश्विन महीने की पूर्णिमा तिथि को हर साल शरद पूर्णिमा मनाई जाती है. हिंदू धर्म में पूर्णिमा का विशेष महत्व माना जाता है. इसे कोजागरी पूर्णिमा, रास पूर्णिमा, कौमुदी व्रत या कुमार पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है. शरद पूर्णिमा से शरद ऋतु का आगमन हो जाता है और साथ ही इस शुभ दिन से पूजा-पाठ एवं कई तरह के धार्मिक अनुष्ठान भी शुरू हो जाते हैं. पौराणिक कथा के अनुसार, शरद पूर्णिमा के दिन समुद्र मंथन के दौरान क्षीरसागर से माता लक्ष्मी प्रकट हुई थीं और उन्होंने भगवान विष्णु को पति के रूप में वरण किया था इसलिए इस शुभ दिन को माता लक्ष्मी का प्राकट्य दिवस भी मनाया जाता है.
धार्मिक मान्यता के अनुसार, शरद पूर्णिमा की रात को चंद्रमा अपनी 16 कलाओं से युक्त होकर चमकता है. मान्यता है कि इस रात चंद्रमा की किरणों से ‘अमृत’ बरसता है. खीर में दूध और चावल होते हैं, जो चंद्रमा के प्रतीक हैं. खुले आसमान के नीचे खीर रखने से उसमें चंद्रमा की दिव्य ऊर्जा और किरणें समाहित हो जाती हैं. इस वर्ष शरद पूर्णिमा 25 अक्टूबर की रात को मनाई जाएगी. आश्विन मास की पूर्णिमा तिथि 25 अक्टूबर को सुबह 11:55 बजे शुरू होगी और अगले दिन 26 अक्टूबर को सुबह 9:41 बजे समाप्त होगी. ऐसे में 25 अक्टूबर की रात को शरद पूर्णिमा है.
पौराणिक कथाओं के अनुसार, शरद पूर्णिमा की रात भगवान श्रीकृष्ण ने वृंदावन में गोपियों के साथ महारास रचाया था, जिसे भक्ति और प्रेम का प्रतीक भी माना जाता है. इसलिए शरद पूर्णिमा की तिथि को रास पूर्णिमा भी कहा जाता है. इस शुभ दिन पर वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में ठाकुरजी महारास की मुद्रा में वंशी धारण करके दर्शन देते हैं. ठाकुरजी के इस स्वरूप के दर्शन साल में केवल एक बार शरद पूर्णिमा के दिन ही देखने को मिलते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
इसके अलावा, मान्यता यह भी है कि शरद पूर्णिमा की रात को माता लक्ष्मी पृथ्वी पर विचरण करती हैं और पूछती हैं को जागर्ति अर्थात कौन जाग रहा है. जो भी रात में जागते हैं और मां लक्ष्मी की पूजा करते हैं, उन पर माता की विशेष कृपा बरसती है. रात को जागने की वजह से इसे कोजागरी व्रत भी कहते हैं.
शरद पूर्णिमा की रात को कुछ परंपराएं निभाई जाती हैं. मान्यता है कि शरद पूर्णिमा के अवसर पर गाय के दूध और चावल से बनी खीर को रात में खुले आसमान में रखा जाता है. ऐसा इसलिए किया जाता है, क्योंकि चंद्रमा की किरणें खीर पर पड़ सकें. अगले दिन सुबह इसे प्रसाद के रूप में ग्रहण किया जाता है.
शरद पूर्णिमा के अवसर पर माता लक्ष्मी की स्वर्णमयी मूर्ति की पूजा की जाती है. घी के दीपक जलाकर पूरी रात जागकर मंत्रों का जप किया जाता है. इस रात को भक्त माता लक्ष्मी और भगवान श्रीकृष्ण के मंत्रों का जाप करते हैं. इस अवसर पर सफेद वस्त्र, चावल, चीनी, चांदी के बर्तन और भोजन का दान करना अत्यंत शुभ माना जाता है.
शरद ऋतु में पित्त का प्रकोप बढ़ता है. खीर ठंडी प्रकृति की होती है और चांदी के बर्तन में रखकर रात भर चांदनी में रखने से यह स्वास्थ्य के लिए औषधीय बन जाती है, जिससे पाचन और रोग प्रतिरोधक क्षमता में सुधार होता है.