rajasthani traditional recipes I पहले दाल उबालें, फिर लगाएं लहसुन का तड़का; ऐसे बनती है जालोर की पारंपरिक सब्जी

rajasthani traditional recipes I पहले दाल उबालें, फिर लगाएं लहसुन का तड़का; ऐसे बनती है जालोर की पारंपरिक सब्जी


जालोर. राजस्थानी रसोई में कई ऐसी पारंपरिक रेसिपी हैं, जो साधारण सामग्री से तैयार होने के बावजूद स्वाद में बेहद खास होती हैं. चना दाल और दाना मेथी की सब्जी भी ऐसी ही एक देसी डिश है, चना दाल का स्वाद तो आपने कई बार चखा होगा, लेकिन जब इसमें दाना मेथी और राजस्थानी मसालों का तड़का लगता है, तो इसका जायका बिल्कुल अलग हो जाता है. खास बात यह है कि इस सब्जी को अपनी पसंद के अनुसार खट्टा-मीठा भी बनाया जा सकता है, इसे गरमागरम रोटी या पराठे के साथ परोस सकते हैं.

इस पारंपरिक सब्जी को बनाने के लिए चना दाल, दाना मेथी, तेल, राई, जीरा, तेज पत्ता, लहसुन, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, धनिया पाउडर और नमक की जरूरत होती है. स्वाद बढ़ाने के लिए अमचूर पाउडर और थोड़े से गुड़ का इस्तेमाल भी कर सकते हैं. इन सामान्य चीजों से घर पर आसानी से स्वादिष्ट राजस्थानी सब्जी तैयार की जा सकती है.

सबसे पहले दाल और दाना मेथी को करें तैयार

जालोर की गृहणी प्रीति सेन के अनुसार, इस सब्जी को बनाने के लिए सबसे पहले चना दाल को रातभर पानी में भिगोकर रख दें. सुबह दाल को पानी में दो उबाल आने तक पकाएं, ध्यान रखें कि दाल ज्यादा नहीं गलनी चाहिए, क्योंकि इसे बाद में मसालों और दाना मेथी के साथ भी पकाना होता है. अब दाना मेथी को हल्का उबाल लें, इसे ज्यादा देर तक न पकाएं, बल्कि इतना ही उबालें कि इसका कड़वापन कम हो जाए. इसके बाद दाल और मेथी को अलग रख दें.

लहसुन के तड़के से बढ़ेगा स्वाद

अब कड़ाही में तेल गर्म करें, इसमें राई, जीरा और तेज पत्ता डालें. इसके बाद 6 से 7 कटी हुई लहसुन की कलियां डालकर अच्छी तरह भूनें. अब एक कटोरी में लाल मिर्च, हल्दी, धनिया पाउडर और नमक को थोड़ा पानी डालकर मिला लें. तैयार मसाले को कड़ाही में डालें और अच्छी तरह पकाएं. मसाला जलने से बचाने के लिए जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डाल सकते हैं. जब मसाला अच्छी तरह पक जाए, तब इसमें उबली हुई चना दाल और दाना मेथी डालकर मिलाएं. कुछ देर पकाएं, ताकि मसाले दाल और मेथी में अच्छी तरह समा जाएं.

अमचूर और गुड़ से दें खट्टा-मीठा स्वाद

आखिर में स्वाद के अनुसार अमचूर पाउडर डालें, इससे सब्जी में हल्का खट्टापन आएगा. अगर आपको खट्टा-मीठा स्वाद पसंद है, तो इसमें थोड़ा गुड़ भी मिला सकते हैं. गुड़ डालने से सब्जी में हल्की मिठास आ जाती है और इसका स्वाद और भी खास बन जाता है. इस तरह तैयार है राजस्थानी चना दाल-दाना मेथी की पारंपरिक सब्जी. देसी मसालों और लहसुन के तड़के वाली यह सब्जी घर के खाने में नया स्वाद जोड़ सकती है. इसे गरमागरम रोटी या पराठे के साथ परोसें और राजस्थानी रसोई के पारंपरिक जायके का आनंद लें.



Source link