आजादी के बाद पहली बार सीधी जिले में पहुंची ट्रेन, गदगद हो सांसद ने किया सफर; गाए लोकगीत और बजाई ढपली

आजादी के बाद पहली बार सीधी जिले में पहुंची ट्रेन, गदगद हो सांसद ने किया सफर; गाए लोकगीत और बजाई ढपली


Last Updated:

पन्ना जिले के देवेंद्रनगर से सीधी जिले के चुरहट तक ट्रेन चली. पहली बार सीधी जिला रेल नेटवर्क से जुड़ा है. अब सीधी से पन्ना तक लोग मेमू ट्रेन में सफर कर सकेंगे. इसमें खजुराहो के सांसद वीडी शर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष ने भी सफर किया है. इस दौरान सांसद ने छात्राओं के साथ लोकगीत भी गाए और ढपली भी बजाई.

Zoom

सांसद ने बजाई ढपली और गाए लोकगीत

मध्य प्रदेश के सीधी जिले के लिए 24 अक्टूबर 2026 का दिन ऐतिहासिक रहा है. इस दिन सीधी जिले में आजादी के बाद पहली बार ट्रेन चली है. सीएम मोहन यादव और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को सतना-देवेंद्रनगर और रीवा-चुरहट नए रेल का लाइन का उद्घाटन किया है. अब पन्ना के देवेंद्र नगर से सीधी के चुरहट की बीच ट्रेन चलेगी. अहम बात यह है कि ये ट्रेन रविवार को छोड़कर सभी दिन चलेगी. यह ललितपुर-सिंगरौली रेल प्रोजेक्ट का हिस्सा है.

लोगों में दिखा गजब का उत्साह
सीधी जिले के चुरहट में आजादी के बाद से रेल का इंतजार किया जा रहा था. अब जाकर वह सपना पूरा हुआ है. जैसे ही ट्रेन चुरहट की धरती पर पहुंची, तो लोगों ने गजब का उत्साह दिखा और उन्होंने उसका ढोल-नगाड़े से स्वागत किया. खजुराहो के सांसद वीडी शर्मा, गुनौर विधायक राजेश वर्मा और भाजपा जिला अध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा ट्रेन में सवार होकर देवेंद्रनगर तक पहुंचे.

वीडी शर्मा ने बजाई ढपली
उनके सफर के दौरान एक अलग ही नजारा देखने को मिला, जब छात्राओं ने लोकगीत गाकर माहौल को खुशनुमा बना दिया. सांसद वीडी शर्मा भी हाथ में ढपली लेकर उसे बजाते और लोकगीतों का आनंद लेते नजर आए. इस पूरे सफर का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. जिसकी चर्चा लोगों के बीच हो रही है. ट्रेन चलने की वजह से लोग काफी खुश दिखाई दिए.

ग्वालियर और खजुराहो रेलवे स्टेशन को दिया जा रहा नया रूप
केंद्रीय रेल मंत्री वैष्णव ने बताया कि मध्य प्रदेश में लगभग 1.50 लाख करोड़ रुपये के रेलवे प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है. खजुराहो, ग्वालियर सहित अनेक स्टेशनों पर विकास कार्य जारी हैं. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में मध्य प्रदेश में लंबी और छोटी दूरी की 100 से अधिक रेल सेवाएं शुरू करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है. विश्व धरोहर खजुराहो में भव्य रेलवे स्टेशन बन रहा है. ग्वालियर स्टेशन की भव्यता ऐसी होगी कि कई एयरपोर्ट इससे पीछे नजर आएंगे.

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में रेलवे लाइन को बढ़ाने का काम तेजी से चल रहा है. वंदे भारत जैसी आधुनिक रेल सेवाएं संचालित हो रही हैं. मध्य प्रदेश में विकास का स्वर्णिम समय चल रहा है. उन्होंने बताया कि ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग-खंडवा रेल लाइन का लोकार्पण भी जल्दी किया जाएगा.

(रिपोर्ट- गनेश प्रसाद विश्वकर्मा)



Source link