भारतीय खाने की थाली मिठाई के बिना अधूरी मानी जाती है. क्योंकि यहां खाने के बाद लोग कुछ मीठा खाना पसंद करते हैं. वैसे तो रेस्टॉरेंट और होटल्स में खाने के बाद मिश्री और सौंफ बिल के साथ सर्व किया जाता है. इससे मीठे की क्रेविंग तो दूर होती ही है, खाने के बाद मुंह से आने वाली बदबू की टेंशन खत्म हो जाती है. साथ ही साथ ये पाचन को भी आसान बनाता है. लेकिन घर में ज्यादातर लोग अपने मीठे की क्रेविंग के लिए मिठाई रखते हैं. ये तरीका महंगा होने के साथ ही हेल्थ के नजरिए से भी सेफ नहीं होता है.
ऐसे में पान के ताजे पत्तों से तैयार किए जाने वाला पान मुखवास एक अच्छा और बेहतरीन विकल्प है. ये बहुत ही रिफ्रेशिंग होता है, साथ ही मीठा होने के कारण क्रेविंग को भी शांत करता है. सेहत के नजरिए से भी इसका सेवन अच्छा होता है, क्योंकि इसमें चीनी की जगह गुलकंद मिलाया जाता है.अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए न तो ज्यादा सामग्री की जरूरत होती है और न ही घंटों की मेहनत की. आप इसे महज 10 मिनट में तैयार कर सकते हैं. आइए जानते हैं घर पर पान मुखवास बनाने की आसान रेसिपी.
पान मुखवास बनाने के लिए सामग्री
20-25 बड़े पान के पत्ते
2-3 बड़े चम्मच धनिया दाल
2-3 बड़े चम्मच सौंफ
2-3 बड़े चम्मच कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल
2 बड़े चम्मच रंग-बिरंगी मीठी सौंफ
2 बड़े चम्मच टूटी-फ्रूटी
1-2 बड़े चम्मच तरबूज के बीज
1 बड़ा चम्मच गुलाब का गुलकंद (स्वाद के अनुसार)
पान मुखवास बनाने का आसान तरीका
पान के पत्तों को साफ करें: सबसे पहले पान के पत्तों को अच्छी तरह पानी से धो लें. इसके बाद साफ कपड़े से पत्तों को पोंछकर सुखा लें. ध्यान रखें कि पत्तों पर ज्यादा पानी न रहे. अब इन पत्तों को चाकू की मदद से बारीक-बारीक काट लें, ताकि मुखवास में पान का स्वाद अच्छी तरह मिल सके.
सभी सामग्री मिलाएं: अब एक बड़ा बाउल लें और उसमें कटे हुए पान के पत्ते डालें. इसके बाद धनिया दाल, सौंफ, कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल, रंग-बिरंगी मीठी सौंफ, टूटी-फ्रूटी और तरबूज के बीज डाल दें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें.
गुलकंद डालकर तैयार करें: अब इस मिश्रण में एक बड़ा चम्मच गुलाब का गुलकंद डालें. अगर आपको ज्यादा मीठा स्वाद पसंद है, तो गुलकंद की मात्रा थोड़ी बढ़ा सकते हैं. चम्मच की मदद से सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाएं, ताकि गुलकंद हर हिस्से में बराबर फैल जाए.
पान मुखवास परोसें: आपका स्वादिष्ट पान मुखवास सिर्फ 10 मिनट में तैयार है. इसे खाने के बाद थोड़ी मात्रा में परोस सकते हैं. इसका मीठा स्वाद और पान की खुशबू मुंह को ताजगी का एहसास देती है.
पान मुखवास को स्टोर कैसे करें?
इस रेसिपी में ताजे पान के पत्तों और गुलकंद का इस्तेमाल किया जाता है, इसलिए इसे सही तरीके से स्टोर करना जरूरी है. तैयार मुखवास को साफ और एयरटाइट डिब्बे में भरकर फ्रिज में रखें. बेहतर स्वाद और गुणवत्ता के लिए इसे 3-5 दिनों के भीतर इस्तेमाल कर लें. अगर इसमें नमी, खराब गंध या रंग में बदलाव नजर आए, तो इसे खाने से बचें.