‘आतंकवादी जैसा महसूस हुआ’: UP MLC चुनाव के दौरान रो पड़े SP उम्मीदवार, कर दिया धर्म परिवर्तन का ऐलान

‘आतंकवादी जैसा महसूस हुआ’: UP MLC चुनाव के दौरान रो पड़े SP उम्मीदवार, कर दिया धर्म परिवर्तन का ऐलान


Last Updated:

Akash Agarwal News: आगरा में यूपी विधान परिषद चुनाव (UP MLC Election) में महासंग्राम की खबरें सामने आई हैं. समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल प्रशासनिक अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए कैमरे के सामने फूट-फूट कर रो पड़े. उन्होंने खेरागढ़, फतेहाबाद और छत्ता में भाजपा पर बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया है.

Zoom

आकाश अग्रवाल (फोटो क्रेडिट- एक्स)

आगरा: उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को विधान परिषद चुनाव (MLC) के दौरान कई जगहों पर हंगामा, मारपीट और कथित बूथ कैप्चरिंग की शिकायतें सामने आईं. फतेहपुर, मुजफ्फरनगर, गोरखपुर, आगरा, वाराणसी और कौशांबी में अलग-अलग घटनाओं को लेकर बीजेपी और समाजवादी पार्टी के नेताओं ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए. इस बीच एक सपा प्रत्याशी तो फूट-फूटकर रोए. दरअसल, आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे आकाश अग्रवाल अपने समर्थकों और चुनाव प्रभारियों को कथित तौर पर परेशान किए जाने का आरोप लगाते हुए भावुक हो गए. उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसा महसूस होने लगा है, जैसे वह कोई आतंकवादी हों और पाकिस्तान से आए हों. उन्होंने यह भी कहा कि वह ऐसे सनातन धर्म में नहीं रहना चाहते, जहां उसके रक्षक होने का दावा करने वाले लोग ही उन्हें परेशान करें.

‘मेरे चुनाव प्रभारियों को उठाकर परेशान किया गया’

आकाश अग्रवाल ने आरोप लगाया कि उनके चुनाव अभियान से जुड़े 12 जिलों के प्रभारियों को प्रशासन की ओर से कथित तौर पर उठाया गया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया. अगर सरकार की ओर से पहले ही बता दिया जाता कि उनके चुनाव प्रभारियों को इस तरह परेशान किया जाएगा, तो वह चुनाव ही नहीं लड़ते. उन्होंने कहा कि अब उनके लिए चुनाव जीतना या हारना मायने नहीं रखता. चुनाव लड़ने का मकसद अपने समर्थकों को इस तरह की परेशानी में डालना नहीं था.

‘अगले महीने लखनऊ में करूंगा धर्म परिवर्तन’

उन्होंने अपने बयान में धर्म परिवर्तन करने की बात भी कही. उन्होंने कहा कि वह अगले महीने लखनऊ जाएंगे और शाही ईदगाह में धर्म परिवर्तन करेंगे. चुनाव में जीत या हार से अब उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता. उन्होंने सनातन धर्म के उन लोगों पर भी नाराजगी जताई, जो खुद को धर्म का रक्षक बताते हैं. उनका आरोप है कि ऐसे लोगों की ओर से ही उन्हें और उनके समर्थकों को परेशान किया जा रहा है. हालांकि, धर्म परिवर्तन को लेकर उनके इस ऐलान पर आगे क्या कदम उठाया जाएगा, यह स्पष्ट नहीं है.

फतेहाबाद में सपा एजेंट ने लगाया मारपीट का आरोप

एमएलसी चुनाव के दौरान आगरा के फतेहाबाद में भी तनाव की स्थिति पैदा हो गई. यहां सपा के एक पोलिंग एजेंट ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर मारपीट करने का आरोप लगाया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाने के लिए बल प्रयोग किया.आगरा के पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे थे. उनके मुताबिक, वहां स्थिति शांतिपूर्ण मिली. उन्होंने सपा के वरिष्ठ नेताओं को भरोसा दिलाया कि सभी पात्र मतदाताओं को स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से मतदान करने दिया जाएगा.

कितना हुआ मतदान?

मतदान के दौरान दोपहर 2 बजे तक जारी आंकड़ों के मुताबिक, आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 48.20 प्रतिशत मतदान हुआ था. वहीं, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान का आंकड़ा 32 प्रतिशत रहा. आगरा जिले में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 37.20 प्रतिशत और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 28.40 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया.

11 सीटों पर हुआ मतदान

उत्तर प्रदेश विधान परिषद की कुल 11 सीटों के लिए मतदान कराया गया. इनमें पांच स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. इन चुनावों के जरिए राज्य विधानमंडल के उच्च सदन में स्नातकों और शिक्षकों का प्रतिनिधित्व तय होता है. स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पंजीकृत स्नातक मतदाता मतदान करते हैं, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले शिक्षक वोट डालते हैं. आगरा में चुनाव के दौरान मतदान से जुड़े आरोपों और आकाश अग्रवाल के बयान ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया.



Source link