Moringa Burger Recipe : बर्गर का नाम सुनते ही दिमाग में सबसे पहले अनहेल्दी फूड आता है जिसमें फ्राइड आलू टिक्की, ढेर सारी क्रीमी म्योनीज़ और अनहेल्दी कैलोरीज़ भरे पड़े होते हैं. लेकिन अगर बच्चों की ज़िद के आगे आपकी बोलती बंद हो रही है तो बेहतर होगा कि आप कुछ हेल्दी रास्ता निकालें. इसका एक तरीका है कि आप घर पर बड़ी ही आसानी से ‘मोरिंगा बर्गर’ बना सकते हैं जो एक आसान और हेल्दी ऑप्शन है.सहजन यानी मोरिंगा को आज की तारीख में सुपरफूड माना जाता है. इसमें विटामिन, आयरन और एंटी-ऑक्सीडेंट्स की मात्रा बहुत ज्यादा होती है. अगर आपके घर में बच्चे सहजन की सब्जी देखकर मुंह बनाते हैं, तो इस मज़ेदार रेसिपी से आप उन्हें स्वाद-स्वाद में पोषण खिला सकते हैं.
Homemade Healthy Burger : आप घर पर बड़ी ही आसानी से ‘मोरिंगा बर्गर’ बना सकते हैं.(Image Canva)
बर्गर बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?
इसे बनाने के लिए आपको बाज़ार से कोई खास चीज़ खरीदने की ज़रूरत नहीं है. रसोई में मौजूद सामान्य सामान से ही यह आराम से बन जाएगा:
टिक्की के लिए: 1 कप सहजन (मोरिंगा) की ताज़ा पत्तियां, 2 उबले आलू, आधा कप उबले मटर, 1 छोटा बारीक कटा प्याज, थोड़ा अदरक और हरी मिर्च.
मसाले के लिए: स्वादानुसार नमक, लाल मिर्च पाउडर और गरम मसाला.
बाइंडिंग के लिए: थोड़ा सा बेसन या ब्रेड क्रम्ब्स.
बर्गर असेंबल करने के लिए: बर्गर बन्स, टमाटर, खीरा, प्याज के स्लाइस, सलाद के पत्ते और अपनी पसंद की कोई भी हरी चटनी या सॉस.
स्टेप-बाय-स्टेप समझें आसान रेसिपी-
ऐसे बनाएं सहजन और मटर की टिक्की-
सबसे पहले सहजन की पत्तियों को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें. इसके बाद इन्हें हल्के उबलते पानी में 2 मिनट के लिए पकाएं और पानी निथारकर पत्तियों को बारीक काट लें. अब एक बड़े कटोरे में उबले आलू मैश करें. इसमें उबले मटर, कटी हुई सहजन की पत्तियां, प्याज, अदरक, हरी मिर्च और सारे सूखे मसाले डाल दें.
पूरे मिक्सचर को हाथों से अच्छे से मिला लें. अगर मिश्रण थोड़ा चिपचिपा या गीला लग रहा हो, तो बाइंडिंग के लिए थोड़ा सा बेसन या ब्रेड क्रम्ब्स मिला लें. अब इसकी गोल-गोल टिक्कियां तैयार कर लें. तवे पर थोड़ा सा तेल या देसी घी लगाएं और टिक्कियों को धीमी आंच पर दोनों तरफ से क्रिस्पी और सुनहरा होने तक सेक लें. अगर आप तेल और भी कम इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो इन्हें एयर फ्रायर में भी बेक कर सकते हैं.
बर्गर को दें फाइनल टच-
बर्गर बन को बीच से काटकर तवे पर हल्का सा सेक लें. अब बन के निचले हिस्से पर हरी पुदीने की चटनी या हल्का सा सॉस लगाएं. इसके ऊपर सबसे पहले सलाद का पत्ता रखें, फिर गरम-गरम मोरिंगा टिक्की टिकाएं. टिक्की के ऊपर टमाटर, खीरा और प्याज की स्लाइस सजाएं. स्वाद बढ़ाने के लिए आप ऊपर से गाढ़ा टंगा हुआ दही (Hung Curd) या पुदीने की डिप डाल सकते हैं. अब बन का ऊपरी हिस्सा रखकर हल्का सा दबाएं. आपका गरमा-गरम, क्रिस्पी और न्यूट्रिशियस मोरिंगा बर्गर एकदम तैयार है!
तैयार है स्वाद और सेहत से भरपूर बर्गर-
सहजन की पत्तियां इस बर्गर को भरपूर न्यूट्रिशन देती हैं, जबकि आलू और मटर टिक्की के टेक्सचर को एकदम परफेक्ट बनाते हैं. यह बर्गर कितना हेल्दी रहेगा, यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप सेकने में कितना तेल इस्तेमाल करते हैं. कम तेल और ताज़ी सब्जियों के साथ यह एक बेहतरीन स्नैक ऑप्शन है.