Last Updated:
Government Announces be ready for 72 hours: सोचिए, बैठे-बैठे सरकार की ओर से अगर ये ऐलान कर दिया जाए कि अगले 72 घंटों के लिए आपको राशन-पानी का इंतजाम कर लेना है, तो ये कितना डरावना होगा? कुछ ऐसा ही हुआ ब्रिटेन में जहां इस ऐलान ने हड़कंप मचा दिया है.
ब्रिटेन में सरकार ने जारी किया अलर्ट. (रॉयटर्स)
Why Britain Announces To be ready: दुनिया में हर तरफ इस वक्त कुछ न कुछ चल रहा है. कहीं युद्ध तो कहीं प्रदर्शन, जिसकी वजह से पूरी दुनिया की स्थिति बिगड़ी हुई है. इसी बीच एक और देश में ऐसा हड़कंप मचा हुआ है कि लोगों को ये भी कह दिया गया है कि वो अगले 3 दिनों के लिए अपने राशन-पानी का इंतजाम करके रखें. ये देश है- ब्रिटेन और यहां बढ़ते सुरक्षा खतरों, खराब मौसम और साइबर हमलों की आशंका के बीच ब्रिटेन सरकार ने अपने नागरिकों को आपात स्थिति के लिए तैयार रहने की सलाह दी है. सरकार की नई ‘बी रेडी’ मुहिम के तहत लोगों से घरों में कम से कम तीन दिन का भोजन और पर्याप्त पानी जमा रखने को कहा गया है.
आखिर इस अनाउंसमेंट का मकसद क्या है? इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि किसी बड़ी आपदा या जरूरी सेवाओं के ठप होने पर परिवार 72 घंटे तक अपनी जरूरतें पूरी कर सकें. सरकार की सलाह के मुताबिक हर व्यक्ति के लिए पीने के पानी की व्यवस्था होनी चाहिए. एक व्यक्ति को रोजाना करीब 3 लीटर पानी की जरूरत पड़ सकती है. इस हिसाब से एक व्यक्ति के लिए 3 दिन में 9 लीटर पानी रखना जरूरी है.
3 दिन के लिए बिल्कुल तैयार रहें
सरकार ने लोगों को लंबे समय तक चलने वाला भोजन, डिब्बाबंद खाद्य पदार्थ, कंबल, नकदी, प्राथमिक उपचार किट, बैटरी वाली टॉर्च और हाथ से चलने वाला एफएम रेडियो रखने की सलाह दी है. सरकार का मानना है कि बिजली, इंटरनेट या भुगतान सेवाएं बंद होने की स्थिति में ये चीजें मददगार साबित हो सकती हैं. सुरक्षा मंत्री डैन जार्विस ने कहा कि जो लोग इस सलाह का पालन कर सकते हैं, उन्हें ऐसा जरूर करना चाहिए. उनके मुताबिक छोटे-छोटे कदम उठाकर आम नागरिक इमरजेंसी से निपटने की अपनी क्षमता बढ़ा सकते हैं.
सरकार ने क्यों किया ऐसा ऐलान?
- सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे पहले अपने घरों में सामान की जांच करें और फिर अपनी जरूरत के हिसाब से सामान लें. सरकार ने लोगों से इमरजेंसी किट तैयार करने के लिए कहा है.
- दरअसल सरकार को आशंका है कि भविष्य में चरम मौसम, ऊर्जा संकट या अंतरराष्ट्रीय तनाव से जनजीवन प्रभावित हो सकता है. इसी वजह से लोगों को पहले से तैयारी करने के लिए जागरूक किया जा रहा है.
- वैसे भी ब्रिटेन में ऑस्टिन तूफान के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है. सरकार इस अभियान के प्रचार के लिए सोशल मीडिया और रेडियो का भी सहारा लेगी. ब्रिटेन में हाल के वर्षों में कई शक्तिशाली तूफानों के कारण हजारों घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हुई है.
- जनवरी में आए तूफान गोरेटी के दौरान मिडलैंड्स, दक्षिण-पश्चिमी इंग्लैंड और वेल्स के कई इलाकों में घरों की बिजली चली गई थी. ऐसे में सरकार लोगों को जागरूक कर रही है कि वे हर वक्त तैयार रहें.
रूस से खतरे और साइबर हमलों की चिंता
उधर ब्रिटिश रक्षा मंत्री वेस स्ट्रीटिंग ने कहा कि ब्रिटेन को रूस और अन्य विरोधी देशों की ओर से संभावित खतरों के लिए भी तैयार रहना होगा. उन्होंने सरकारी ढांचे, बिजली व्यवस्था, इंटरनेट और भुगतान प्रणालियों पर साइबर हमलों की आशंका जताई. ऐसे हमलों से कारोबार और जरूरी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं. हाल ही में सुरक्षा खामी सामने आने के बाद एहतियात के तौर पर ब्रिटेन की 32 सरकारी वेबसाइटों को ऑफलाइन किया गया था.