‘स्कूली बच्चों से भी कोई ऐसे बात नहीं करता’, दलेर मेहंदी पर मंत्री के आरोपों की मीका सिंह ने उधेड़ी बखिया


Last Updated:

दलेर मेहंदी को जिस तरह मंत्री सुबोध उनियाल ने फटकार लगाई थी, उससे उनके फैंस, करीबियों और फिल्मी सितारों को तकलीफ पहुंची है. मंत्री सुबोध उनियाल का आरोप था कि दलेर मेहंदी परफॉर्म करते वक्त नशे में थे और सही से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे. विवाद बढ़ने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दलेर मेहंदी से फोन पर बात की और विवाद को पीछे छोड़कर आगे बढ़ने की नसीहत दी, मगर दलेर मेहंदी के भाई मीका सिंह इतनी जल्दी चुप होने वाले नहीं हैं. उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंत्री के आरोपों की बखिया उधेड़ते हुए उनके आरोपों को गलत बताया.

ख़बरें फटाफट

Top Deals Inside

'स्कूली बच्चों से भी कोई ऐसे बात नहीं करता', मंत्री के आरोपों पर भड़के मीकाZoom

मंत्री के आरोपों से दलेर मेहंदी की इमेज को नुकसान पहुंचा है. (फाइल फोटो)

नई दिल्ली: उत्तराखंड के नई टिहरी में हुए कुंजापुरी मेले में गायक दलेर मेहंदी और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच विवाद हुआ था. विवाद बढ़ने के बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फोन पर दलेर मेहंदी से बात की और विवाद को भुलाकर आगे बढ़ने की सलाह दी. मगर मीका सिंह के तेवर देखकर लगता नहीं कि वे मामले को इतनी जल्दी खत्म होने देना चाहते हैं. दरअसल, वे चाहते हैं कि मंत्री अपने बर्ताव के लिए माफी मांगे, क्योंकि उनके आरोपों ने दलेर मेहंदी की इमेज को खराब किया है. सिंगर मीका सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी बात रखी. मीका सिंह ने कहा कि यह पूरी तरह से उनकी (सुबोध उनियाल) गलती है और उन्हें इस मामले को स्वीकार करना चाहिए. मीका सिंह ने सभी सपोर्टर्स का शुक्रिया अदा करते हुए कहा, ‘मैं बॉलीवुड इंडस्ट्री और जितने भी पंजाब के लोग और भाई दलेर मेहंदी के फैंस का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं कि उन्होंने भाई दलेर मेहंदी को इतना सपोर्ट किया.’

मीका सिंह ने आगे कहा, ‘ये सपोर्ट इसलिए मिला, क्योंकि आप लोगों ने जो वीडियो देखा, उसे देखकर ही मुझे बहुत बुरा लगा था कि उन्होंने जिस तरह से दलेर भाई से बात की थी. आजकल तो कोई स्कूल या कॉलेजी में भी बच्चों से इस तरह से बात नहीं करता है. मुझे लगता है कि मेरे स्ट्रगल के दिनों में भी किसी ने मुझसे इस तरह से बात नहीं की होगी.’ उन्होंने यह भी बताया कि इस घटना ने उन्हें बचपन की एक घटना की याद दिला दी. उन्होंने कहा, ‘बचपन में मैंने एक शादी में मेहमानों के आने से पहले खाना खा लिया था और तब मुझे बहुत डांट पड़ी थी.’

दलेर मेहंदी ने 90 मिनट तक किया था लाइव परफॉर्म

सिंगर मीका सिंह ने दलेर मेहंदी का बचाव करते हुए मंत्री सुबोध उनियाल पर निशाना साधा है. दरअसल, मंत्री ने आरोप लगाया था कि दलेर मेहंदी स्टेज पर नशे में थे और खड़े भी नहीं हो पा रहे थे. मीका सिंह ने इन आरोपों की आलोचना की और कहा कि इससे दलेर मेहंदी की इमेज को नुकसान पहुंचा है और ये आरोप गलत हैं. उन्होंने कहा, ‘इस शो में सुनंदा शर्मा को भी परफॉर्म करने आना था, लेकिन उन्होंने एक दिन पहले ही इवेंट में आने से मना कर दिया था. हो सकता है कि उनकी तबीयत खराब हुई होगी या फिर निजी कारण होगा. दलेर भाई ने तबीयत खराब होने के बावजूद अपने एक दोस्त की मदद के लिए गए थे और बिना किसी पहले से रिकॉर्ड किए गए गाने के 90 मिनट तक लाइव परफॉर्म किया था.’



Source link