भुवनेश्वर कुमार के 1434 दिनों का इंतजार खत्म, वापसी के बाद मिला पहला विकेट
Last Updated:
भारतीय टीम के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार का आखिरकार इंतजार खत्म हो गया. टीम इंडिया में 4 साल बाद वापसी करते हुए उन्होंने पहला विकेट लिया. न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के पहले मैच में भुवी 4 ओवर की गेंदबाजी में एक भी विकेट नहीं ले पाए थे, लेकिन दूसरे टी20 में उन्होंने डेरिल मिचेल को आउट कर अपने विकेट के सूखे को खत्म किया.
भुवनेश्वर कुमार डेरिल मिचेल को किया आउट
नई दिल्ली: भारत के लिए चार साल बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी करने भुवनेश्वर कुमार का विकेट के लिए इंतजार आखिरकार खत्म हो गया. न्यूजीलैंड के खिलाफ वापसी मैच में भुवी को एक भी विकेट नहीं मिला था और वह महंगे भी रहे थे, लेकिन दूसरे टी20 में उन्होंने डेरिल मिचेल को आउट कर विकेट के सूखे को खत्म किया. भुवनेश्वर को इंटरनेशनल क्रिकेट में 1434 दिनों के बाद ये विकेट मिला है. आखिरी बार उन्होंने न्यूजीलैंड के ही खिलाफ 20 नवंबर 2022 में विकेट हासिल किया था.
बता दें कि भुवनेश्वर कुमार न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज के आखिरी मैच में भी प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया था, लेकिन चिन्नास्वामी में खेला गया वह मैच बारिश के कारण धुल गया था. इस के बाद फिर वह न्यूजीलैंड दौरे पर आए और पहले टी20 में उन्होंने 4 ओवर में 49 रन खर्च कर डाले, इस दौरान उन्हें विकेट भी नहीं मिला, लेकिन दूसरे मैच में उनका इंतजार खत्म हो गया.
दूसरे टी20 में भी भारत ने जीता टॉस
क्राइस्टचर्च के हैगली ओवल में लगातार दूसरी बार टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीता. टॉस जीतने के बाद कप्तान अय्यर ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया. पहले टी20 में भी टॉस का सिक्का भारत के पक्ष में ही गिरा था. हैगली ओवर के इस मैदान पर पिच बल्लेबाजों के पक्ष में रहा है.
यही कारण है कि पहले टी20 मैच में कीवी टीम ने भारत के खिलाफ रिकॉर्ड 225 रन का स्कोर खड़ा किया था. इसके जवाब में टीम इंडिया ने भी 226 रन बनाकर मैच को जीत लिया. टी20 इंटरनेशनल में टीम इंडिया का ये सबसे बड़ा रनचेज था. इस तरह भारतीय ने मैच में जीत हासिल करते हुए सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई. वहीं, अब उसकी कोशिश होगी कि वह दूसरे मैच में भी जीत दर्ज करें, जिसेस सीरीज में वह 2-0 की बढत बना सकें.