Last Updated:
Amrit Bharat Express: बिहारवालों को दिवाली पर तोहफा मिलने वाला है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आने वाले 30 अक्टूबर को बिहार से गुजरात के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखा सकते हैं. इस ट्रेन के चलने से बिहार से गुजरात जाने वालों को ट्रैवलिंग का नया ऑप्शन मिल जाएगा. बरौनी से भुज के बीच चलाई जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस का टाइमिंग, स्टॉपेज सबकुछ जानें…
अमृत भारत एक्सप्रेस. (फोटो साभारः फेसबुक, Ministry of Railways, Government of India)
पटनाः बिहार से गुजरात जाने वाले रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. भारतीय रेलवे ने बिहार के बरौनी और गुजरात के भुज के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने को मंजूरी दे दी है. यह ट्रेन बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के कई प्रमुख स्टेशनों को जोड़ेगी. करीब 2,532 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन चलेगी. इससे गुजरात जाने वाले बिहार के यात्रियों को लंबी दूरी के सफर के लिए एक और ऑप्शन मिलेगा. रेलवे के मुताबिक, ट्रेन का ठहराव समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, छपरा और सीवान जैसे स्टेशनों पर भी होगा.
क्या होगी ट्रेन की टाइमिंग
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 और 31 अक्टूबर को गुजरात के दौरे पर रहेंगे. 30 अक्टूबर को गुजरात में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास होना है. ऐसे में पीएम मोदी अमृत भारत एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखा सकते हैं. ट्रेन संख्या 19427 भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस भुज से शाम 5:30 बजे रवाना होगी और चौथे दिन सुबह 4:05 बजे बरौनी पहुंचेगी. वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 19428 बरौनी-भुज अमृत भारत एक्सप्रेस बरौनी से रात 11:55 बजे रवाना होगी और चौथे दिन दोपहर 1:15 बजे भुज पहुंचेगी. भुज से बरौनी आने वाली ट्रेन सोमवार, बुधवार और शनिवार को चलेगी. वहीं, बरौनी से भुज जाने वाली ट्रेन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी.
बिहार में इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
नई अमृत भारत ट्रेन के रूट में बिहार के कई प्रमुख स्टेशन शामिल हैं. ट्रेन समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, छपरा और सीवान में रुकेगी. इसके अलावा उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, गोंडा, लखीमपुर, पीलीभीत, इज्जतनगर, बरेली, हाथरस और मथुरा जैसे स्टेशन भी इसके रूट में शामिल हैं. राजस्थान में ट्रेन कोटा, रतलाम, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी और भरतपुर जैसे शहरों से जोड़ेगी. गुजरात में अहमदाबाद और समाखियाली समेत प्रमुख स्टेशनों पर इसका ठहराव होगा.
बिहार और गुजरात के बीच बढ़ेगी रेल कनेक्टिविटी
बरौनी और भुज के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से रोजगार, कारोबार और अन्य कामों के लिए गुजरात जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा. इस ट्रेन से बिहार के यात्रियों को उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई शहरों तक पहुंचने में भी सुविधा होगी. रेलवे के मुताबिक, इस नई सेवा का उद्देश्य देश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों के बीच रेल संपर्क को मजबूत करना है.