Last Updated:
UP Infrastructure News: यूपी के बुलंदशहर में 24.38 करोड़ की लागत से मॉडल कम्पोजिट विद्यालय बन रहा है. यह विद्यालय तहसील खुर्जा क्षेत्र के गांव जहानपुर (अरनिया) में बन रहा है. निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय का जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने जायजा लिया. करीब 24.39 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस विद्यालय का निर्माण कार्य नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि निर्माण कार्य 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है. डीएम ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय में प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों को शिक्षा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है. बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से विद्यालय का निर्माण कार्य कार्यदायी संस्था सीएनडीएस, गाजियाबाद द्वारा कराया जा रहा है.
परियोजना की कुल लागत 2438.93 लाख रुपये निर्धारित है. विद्यालय परिसर में कक्षाओं के साथ प्रयोगशालाएं, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए आवास, शौचालय, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जानी हैं. निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि ने जिलाधिकारी को निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया. मुख्य भवन के भूतल, प्रथम तल और द्वितीय तल की छत डालने का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि द्वितीय तल पर ईंटों की चिनाई का कार्य प्रगति पर है.
परियोजना प्रबंधक ने बताया कि मुख्य भवन और मल्टीपरपस हॉल के प्रस्तावित निर्माण स्थल के बीच से 11 केवी की हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी. इसे 15 जुलाई 2026 को शिफ्ट कराया गया, जिसके कारण मुख्य भवन के निर्माण की प्रगति लगभग तीन माह प्रभावित हुई. अब निर्माण कार्य दोबारा गति से कराया जा रहा है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
परियोजना प्रबंधक ने बताया कि मुख्य भवन और मल्टीपरपस हॉल के प्रस्तावित निर्माण स्थल के बीच से 11 केवी की हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी. इसे 15 जुलाई 2026 को शिफ्ट कराया गया, जिसके कारण मुख्य भवन के निर्माण की प्रगति लगभग तीन माह प्रभावित हुई. अब निर्माण कार्य दोबारा गति से कराया जा रहा है.
परियोजना के तहत बाल वाटिका की छत डालने, ईंटों की चिनाई और प्लास्टर का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि अन्य कार्य प्रगति पर हैं. मिड-डे मील भवन के भूतल और प्रथम तल की छत का निर्माण पूरा हो गया है. स्टाफ आवास के भूतल और प्रथम तल की छत डालने का कार्य पूरा है. भूतल पर ईंटों की चिनाई पूरी हो चुकी है, जबकि प्रथम तल पर काम जारी है.
प्रधानाचार्य आवास के भूतल और प्रथम तल की छत और ईंटों की चिनाई का कार्य पूरा हो चुका है. भूतल पर प्लास्टर का काम पूरा है और प्रथम तल पर प्लास्टर किया जा रहा है. डोरमेट्री के भूतल और प्रथम तल की छत और ईंटों की चिनाई का कार्य भी पूरा हो चुका है. यहां भूतल का प्लास्टर पूरा है, जबकि प्रथम तल पर प्लास्टर का काम जारी है. मल्टीपरपस हॉल में ईंटों की चिनाई का कार्य पूरा हो चुका है. वहीं, विद्यालय की बाउंड्रीवाल का लगभग 80 प्रतिशत निर्माण पूरा पाया गया.
जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने विद्यालय के निर्माण संबंधी नक्शे का अवलोकन कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की. उन्होंने अब तक प्राप्त धनराशि के सापेक्ष निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की. डीएम ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और नवंबर 2026 तक सभी कार्य गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं. उन्होंने स्पष्ट किया कि विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) में निर्धारित निर्माण सामग्री का ही इस्तेमाल किया जाए और उपयोग में लाई जा रही सामग्री की गुणवत्ता की जांच भी सुनिश्चित की जाए.
डीएम ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को नियमित रूप से निर्माण स्थल का निरीक्षण करने और कार्यों की भौतिक प्रगति की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि विद्यालय भवन को विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाए. निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर कमियों को दूर कराने के साथ संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय की स्थापना से क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा. आधुनिक सुविधाओं से युक्त विद्यालय में बेहतर शिक्षण वातावरण तैयार होने से विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति को बढ़ावा मिलेगा. निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी खुर्जा सत्येंद्र सिंह सहित कार्यदायी संस्था के अधिकारी मौजूद रहे.