इटली के इस गांव में लंबी जिंदगी का क्या है फॉर्मुला? 100 साल वाली महिलाएं अधिक
Last Updated:
इटली के सार्डिनिया द्वीप पर स्थित एक छोटे से गांव बोलोटाना ने रिसर्च में लगे लोगों का ध्यान आकर्षित किया है. लगभग 2300 की आबादी वाले इस गांव की महिलाएं असाधारण रूप से लंबा जीवन जी रही हैं.
दुनिया भर में वैज्ञानिक जीवन के रहस्यों को समझने में जुटे हैं. इसी बीच इटली के सार्डिनिया द्वीप (Sardinia) पर स्थित एक छोटे से गांव बोलोटाना ने रिसर्च में लगे लोगों का ध्यान आकर्षित किया है. लगभग 2300 की आबादी वाले इस गांव की महिलाएं असाधारण रूप से लंबा जीवन जी रही हैं, जिससे यह दुनिया का नया ‘ब्लू जोन’ (Blue Zone) बनने की रेस में सबसे आगे आ गया है.
‘फ्रंटियर्स इन एजिंग’ जर्नल में पब्लिश एक हालिया साइंटिफिक स्टडी में पाया गया कि बोलोटाना में 70 साल की आयु तक पहुंचने वाली महिलाओं के 100 साल की उम्र तक जीवित रहने की संभावना लगभग 13.8 प्रतिशत है. तुलनात्मक रूप से अमेरिका में महिलाओं के लिए यह संभावना केवल 3.6 प्रतिशत है. एक्सपर्ट्स का मानना है कि हांगकांग के बाद यह दुनिया में महिलाओं की सबसे लंबी जीवित रहने वाली आबादी में से एक है.
क्यों खास है यह गांव?
सार्डिनिया को 25 साल पहले दुनिया के पहले ‘ब्लू जोन’ के रूप में पहचाना गया था, जहां शताब्दी से अधिक उम्र के लोग सबसे ज्यादा रहते हैं. लेकिन पारंपरिक रूप से सार्डिनिया में पुरुषों की लंबी उम्र को प्रमुखता मिलती थी. बोलोटाना में यह ट्रेंड पूरी तरह से बदला हुआ है, जहां 100 वर्ष की आयु पार करने वाले सौतेलों में महिलाओं की तादाद पुरुषों से काफी अधिक है.
इटली की यूनिवर्सिटी ऑफ ससानी और अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ अलबामा एट बर्मिंघम के रिसर्चर्स ने 1900 से 1925 के बीच बोलोटाना में पैदा हुए लोगों के सिविल और चर्च रिकॉर्ड का गहराई से एनालिसिस किया है. वेरिफिकेशन के बाद यह साबित हुआ कि यहां की महिलाएं इटली के राष्ट्रीय औसत से 57 प्रतिशत अधिक समय तक जिंदा रहती हैं.
लंबी उम्र का राज क्या है?
वैज्ञानिकों का मानना है कि बोलोटाना की महिलाओं की लंबी उम्र के पीछे कई सामाजिक, जेनेटिक और लाइफस्टाइल से जुड़ी वजहें हो सकती हैं.
- ऐक्टिव दिनचर्या और खान-पान: पहाड़ी इलाकों में दैनिक पैदल चलना और ताजा और प्राकृतिक भोजन इनकी जीवनशैली का प्रमुख हिस्सा है.
- मजबूत सामाजिक ताना-बाना: गांव की महिलाएं आपस में बेहद मजबूत सामाजिक संबंध बनाए रखती हैं. वे एक-दूसरे का ख्याल रखती हैं, जिससे तनाव का स्तर कम रहता है.
- पारिवारिक सहयोग: गांव में कई पीढ़ियों वाले परिवार एक साथ रहते हैं, जहां पुरुष भी घर के कामकाज और जिम्मेदारियों में हाथ बंटाते हैं.
स्टडी के सह-लेखक और ‘ब्लू जोन्स’ के संस्थापक डैन ब्यूटनर का कहना है कि बोलोटाना में महिलाओं की इस लंबी उम्र के पीछे के सटीक बायोलॉजिकल और सामाजिक कारणों को समझने के लिए रिसर्च जारी है, जो दुनिया भर में उम्र बढ़ने की प्रक्रियाओं को समझने में मदद कर सकता है.