Last Updated:
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पदयात्रा पर है. वह उज्जैन से अयोध्या तक पदयात्रा कर रहे हैं. इस यात्रा को लेकर बीजेपी विधायक ने उनपर निशाना साधा है. उन्होंने दिग्विजय की पदयात्रा को आशिक का जनाजा बताया है. उन्होंने कहा कि दिग्विजय जब मुख्यमंत्री थे तब उन्हें सनातन की परवाह नहीं थी.
दिग्विजय सिंह की पदयात्रा पर बीजेपी विधायक का तंज.
राजगढ़. मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह की सनातन यात्रा को लेकर सियासत गरमा गई है. राजगढ़ से बीजेपी विधायक अमर सिंह यादव ने दिग्विजय सिंह पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने यात्रा को लेकर तंज कसते हुए कहा, “आशिक का जनाजा है, हम निकाल चुके हैं यहां से, अब क्या जरूरत है उनकी यहां.” इतना ही नहीं, उन्होंने दिग्विजय सिंह के मुख्यमंत्री रहते हुए उनके कामकाज पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जब दिग्विजय सिंह मुख्यमंत्री थे, तब उन्हें सनातन की याद क्यों नहीं आई?
अमर सिंह यादव ने कहा कि दिग्विजय सिंह की सनातन यात्रा से उन्हें कोई लेना-देना नहीं है. वे नए सिरे से अपना जीवन तलाश रहे हैं, तो तलाशने दीजिए. भगवान सबको सद्बुद्धि दे. बीजेपी विधायक के इस बयान के बाद प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी तेज होने की संभावना है.
दिग्विजय सिंह पर गांवों में विवाद करवाने के आरोप
बीजेपी विधायक अमर सिंह यादव ने आरोप लगाया कि उस समय गांव-गांव में जमीनों को लेकर विवाद कराए गए. लोगों को आपस में लड़वाया गया और उनके सिर फुड़वाए गए. जब दिग्विजय सिंह सत्ता में थे, तब उन्होंने सनातन के लिए क्या किया? अब उन्हें सनातन यात्रा निकालने की जरूरत क्यों पड़ रही है? हालांकि, ये विधायक के आरोप हैं.
अयोध्या से काशी और मथुरा जाने की दी चुनौती
अमर सिंह यादव ने दिग्विजय सिंह को अयोध्या से काशी और फिर मथुरा जाने की चुनौती भी दी. उन्होंने कहा, “दिग्विजय सिंह अयोध्या से काशी जाएं, वहां से मथुरा भी जाएं. अयोध्या तो हमने बना दिया, अब काशी-मथुरा की बारी है.”
दिग्विजय सिंह की 1000Km की पदयात्रा
बता दें कि बीजेपी विधायक अमर सिंह यादव पहले भी दिग्विजय सिंह के खिलाफ मुखर रहे हैं. अब सनातन यात्रा को लेकर दिए गए उनके बयान ने एक बार फिर राजनीतिक चर्चा को हवा दे दी है. बता दें, दिग्विजय सिंह ने उज्जैन के शिवधाम से पदयात्रा की शुरुआत की है, जो 1000 किलोमीटर दूर अयोध्या के राम मंदिर में जाकर समाप्त होगी.