Typhoon Champi Kahan Hai: 191 KM की रफ्तार से आ रही आफत, मूसलाधार बारिश और ऊंची लहरें, टाइफून चांपी से 3 देश बेहाल

Typhoon Champi Kahan Hai: 191 KM की रफ्तार से आ रही आफत, मूसलाधार बारिश और ऊंची लहरें, टाइफून चांपी से 3 देश बेहाल


होमदुनियाचीन

191 KM की रफ्तार, मूसलाधार बारिश और ऊंची लहरें, टाइफून चांपी से कांपे 3 देश

Last Updated:

Typhoon Champi Tracker: टाइफून चांपी ने ताइवान, जापान और चीन में चिंता बढ़ा दी है. ताइवान में तूफान से एक व्यक्ति की मौत और 94 लोग घायल हुए हैं. पहाड़ी इलाकों से करीब 1,300 लोगों को सुरक्षित निकाला गया. तूफान के केंद्र के पास हवा के झोंकों की रफ्तार 191 किलोमीटर प्रति घंटे तक दर्ज की गई.

Zoom

ताइवान, चीन और जापान में तबाही मचाने की तैयारी में तूफान चांपी.

Typhoon Champi Update: ताइवान से लेकर जापान और चीन तक समुद्र के आसपास बसे इलाकों पर शक्तिशाली तूफान का खतरा मंडरा रहा है. टाइफून चांपी (Typhoon Champi) कमजोर होकर सुपर टाइफून की श्रेणी से बाहर आ चुका है, लेकिन इसकी रफ्तार और मूसलाधार बारिश ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. ताइवान में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है और 94 लोग घायल हुए हैं. पहाड़ी इलाकों से करीब 1,300 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. हालात को देखते हुए ताइवान में सार्वजनिक गतिविधियां बड़े पैमाने पर रोक दी गई हैं, जबकि सैकड़ों उड़ानें रद्द कर दी गई हैं.

191 KM की रफ्तार, दो दिनों तक कहर बरपाने का खतरा

ताइवान के सेंट्रल वेदर एडमिनिस्ट्रेशन (CWA) के मुताबिक, टाइफून चांपी के केंद्र के पास हवा के झोंकों की रफ्तार करीब 191 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई. तूफान ताइवान के दक्षिणी छोर से लगभग 320 किलोमीटर पूर्व में था. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इसका सीधा टकराव ताइवान से होगा या नहीं, यह अभी निश्चित नहीं है. मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, तूफान का दायरा करीब 320 किलोमीटर है. अगर इसकी गति धीमी हुई या दिशा बदली, तो ताइवान के बड़े हिस्से में तेज हवाओं का असर लंबे समय तक रह सकता है. इसका प्रभाव करीब दो दिनों तक बने रहने की आशंका है.

ताइवान में उड़ानों पर ब्रेक

तूफान के खतरे के बीच ताइवान के वित्तीय बाजार बंद कर दिए गए. परिवहन मंत्रालय के अनुसार, शुक्रवार के लिए निर्धारित सभी 262 घरेलू और 669 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं. ताइपे में सार्वजनिक परिवहन सीमित सेवाओं के साथ चल रहा है, हालांकि उत्तर और दक्षिण ताइवान के बीच हाई-स्पीड रेल सेवाएं जारी रहीं. उत्तर-पूर्वी यिलान काउंटी में प्रशासन ने रेत से भरी बोरियां बांटी हैं और बचाव के लिए एंफीबियस वाहन तथा इन्फ्लेटेबल नावें तैयार रखी हैं. सुआओ बंदरगाह कस्बे के प्रमुख ली मिंग-चेन ने कहा कि जरूरत पड़ने पर सेना को लोगों को निकालने और राहत कार्यों में लगाया जाएगा.

जापान में बिजली गुल, सैकड़ों उड़ानें रद्द

टाइफून चांपी का असर जापान के दक्षिण-पश्चिमी द्वीपों पर भी दिखाई दे रहा है. ओकिनावा क्षेत्र के 3,630 घरों में बिजली गुल होने की खबर है. तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण बिजली बहाली का काम भी प्रभावित हुआ है. जापान की चार एयरलाइंस में 160 से ज्यादा उड़ानें रद्द की गई हैं. ऑल निप्पॉन एयरवेज ने मियाको और इशिगाकी हवाई अड्डों से आने-जाने वाली उड़ानें पूरे दिन के लिए रद्द कर दीं. जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने लोगों से तेज हवाओं, ऊंची समुद्री लहरों, भूस्खलन और समुद्र में तूफानी उछाल को लेकर सतर्क रहने की अपील की है. उन्होंने निचले इलाकों में बाढ़ और नदियों का जलस्तर बढ़ने के खतरे पर भी ध्यान देने को कहा.

चीन में भी मौसम विभाग का अलर्ट

चीन के मौसम विभाग ने चांपी को लेकर नीला अलर्ट जारी किया है, जो उसकी चार-स्तरीय चेतावनी प्रणाली का सबसे निचला स्तर है. पूर्वी तट के इलाकों में 50 से 80 मिलीमीटर तक बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है. शंघाई के आसपास भी मौसम खराब रहने की आशंका है. झेजियांग प्रांत ने अपने तट पर ऊंची समुद्री लहरों के खतरे को देखते हुए नारंगी अलर्ट जारी किया है, जो वहां की चेतावनी प्रणाली में दूसरा सबसे ऊंचा स्तर है.

इस साल तूफानों ने क्यों बढ़ाई चिंता?

रिपोर्ट के मुताबिक, चांपी जापान में इस साल का 30वां टाइफून है. 2013 के बाद पहली बार जापान में एक साल के दौरान इतने तूफान दर्ज किए गए हैं. फिलीपींस में इसी तूफान को रोसाल (Rosal) नाम से जाना जाता है. इस साल तूफानों की बढ़ती गतिविधि ने पूरे क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है.



Source link