भारत के लिए खेले सिर्फ 2 T20I, अब बने जूनियर सिलेक्शन कमिटी के चेयरमैन
Last Updated:
परविंदर अवाना को BCCI की जूनियर चयन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे वाली क्रिकेट सलाहकार समिति ने इंटरव्यू प्रक्रिया के बाद अवाना के नाम की सिफारिश की थी. समिति में उनके अलावा कृष्णा दास, राकेश पटेल और अर्जुन यादव शामिल हैं, जबकि पांचवें सदस्य की नियुक्ति जल्द ही की जाएगी.
परविंदर अवाना बने जूनियर सिलेक्शन कमिटी के चेयरमैन
नोएडा के हरौला गांव से निकलकर आईपीएल के रास्ते भारतीय क्रिकेट टीम तक पहुंचे परविंदर अवाना की किस्मत पलट गई है. बीसीसीआई ने इस पूर्व तेज गेंदबाज को बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए जूनियर सिलेक्शन कमिटी का चेयरमैन बना दिया है. भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने 23 अक्टूबर की दोपहर इस 40 साल के पूर्व पेसर के नाम का ऐलान किया.
हरौला एक्सप्रेस के नाम से मशहूर अवाना
परविंदर अवाना वाली इस सिलेक्शन कमिटी में कृष्णा दास, राकेश पटेल, एन. अर्जुन यादव को भी शामिल किया गया है, जो अलग-अलग जोन के चयनकर्ता बनाए गए हैं. परविंदर अवाना ने भारत के लिए दो टी-20 मैच भी खेले, लेकिन उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिल पाए. 2018 को मात्र 31 साल की उम्र में उन्होंने सभी तरह की क्रिकेट से संन्यास ले लिया था.
परविंदर अवाना के नाम का ऐलान वाला बीसीसीआई का पोस्ट
बने थे देश के सबसे तेज गेंदबाज
परविंदर अवाना ने साल 2004 में ESPN Mahindra Scorpio Speedster टैलेंट हंट जीता था, जहां उन्हें सबसे तेज गेंदबाज चुना गया था. इसके बाद उन्हें ऑस्ट्रेलिया में पूर्व तेज गेंदबाज डेमियन फ्लेमिंग के साथ ट्रेनिंग का मौका मिला था.
पुणे में इंग्लैंड के खिलाफ इंटरनेशनल डेब्यू
परविंदर अवाना ने 20 दिसंबर 2012 को पुणे में इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 मैच से अपने इंटरनेशनल क्रिकेट का आगाज किया था, उनका अगला मैच मुंबई में था, जो इंग्लैंड के खिलाफ दो मैचों की T20I सीरीज का दूसरा मुकाबला था. यही उनका आखिरी इंटरनेशनल मैच साबित हुआ.
191 फर्स्ट क्लास विकेट
घरेलू क्रिकेट में अवाना ने पहला फर्स्ट क्लास मैच 1 दिसंबर 2007 को खेला था. 2007 से 2016 तक उन्होंने दिल्ली का प्रतिनिधित्व किया और 29.23 की औसत से 191 फर्स्ट क्लास विकेट लिए, उनका आखिरी मैच थुम्बा में झारखंड के खिलाफ था.
किंग्स इलेवन पंजाब की ओर से IPL
IPL में अवाना किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) की ओर से खेलते थे, उनका आखिरी मैच 2014 के सीजन का फाइनल था, जो बेंगलुरु में खेला गया था. इस मुकाबले में किंग्स इलेवन पंजाब को कोलकाता नाइटराइडर्स ने तीन विकेट से हराकर खिताबी जीत दर्ज की थी.
रिटायरमेंट के बाद कोचिंग में आए
संन्यास लेने के बाद परविंदर अवाना कोचिंग में आ गए, उन्होंने दिल्ली की U16, U19 और U23 टीमों के साथ-साथ इंडिया U19 और बीसीसीआई/सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के कई हाई-परफॉरमेंस प्रोग्राम्स में काम किया है.