Last Updated:
New Gas Reserve : भारत को गैस का नया भंडार मिला है. सरकार ने आयात पर निर्भरता घटाने के लिए देश में ही गैस खोजने का प्रोजेक्ट शुरू किया है. कृष्णा-गोदावरी बेसिन में 2 लाख SCMD रोजाना का उत्पादन होने का अनुमान है. इस गैस से करीब 20 हजार परिवारों की महीनेभर की जरूरत पूरी हो सकती है.
कृष्णा-गोदावरी बेसिन में 2 लाख SCMD गैस का भंडार मिला है.
नई दिल्ली. अमेरिका-ईरान युद्ध की वजह से छाया गैस सप्लाई का संकट अब दूर होने वाला है. भारत को एक और गैस रिजर्व मिला है. सरकारी कंपनी ऑयल इंडिया लिमिटेड (OIL) ने बताया कि उसने कृष्णा-गोदावरी बेसिन के उथले पानी वाले एक ब्लॉक में प्राकृतिक गैस की खोज की है. कंपनी ने हाल ही में हुए ‘डिस्कवर्ड स्मॉल फील्ड’ (DSF) बोली के दौर में इस ब्लॉक को हासिल किया था.
सरकारी तेल कंपनी ने बताया कि भारत के पूर्वी तट के पास कृष्णा-गोदावरी बेसिन के मत्स्यपुरी फॉर्मेशन में यह खोज की गई है. परीक्षण के दौरान यहां से 2,00,000 स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर प्रतिदिन (SCMD) का अधिकतम प्रवाह दर्ज किया गया है. OIL (ऑयल) के अनुसार, यह खोज KG-DSF/GSKW/2018 उथले पानी वाले ऑफशोर ब्लॉक में स्थित ‘गोदावरी-1’ कुएं में की गई है. यहां 2,024-2,027 मीटर की गहराई पर मौजूद हाइड्रोकार्बन वाले क्षेत्र का परीक्षण 16 अक्टूबर, 2026 को शुरू हुआ था. अब यहां गैस मिलने की पुष्टि हो गई है.
कितनी गैस निकलने की उम्मीद
इस कुएं से लगभग 100,000 SCMD की दर से गैस का प्रवाह निकल रहा है और लगातार परीक्षण के दौरान अधिकतम 200,000 SCMD की दर दर्ज की गई है. कंपनी ने लगभग 170 बैरल प्रतिदिन के कंडेनसेट उत्पादन की भी जानकारी दी है. OIL ने बताया कि परीक्षण की तैयारियां चल रही हैं. फिलहाल कंपनी ने इस खोज से निकलने वाले संसाधनों की जानकारी नहीं दी है.
15 फीसदी घरेलू उत्पादन का लक्ष्य
सरकार ने साल 2030 तक घरेलू गैस उत्पादन को कुल खपत का 15 फीसदी पहुंचाने का लक्ष्य रखा है. अभी देश में कुल जरूरत का करीब 6 फीसदी गैस का उत्पादन होता है. इसके लिए सरकार कृष्णा-गोदावरी बेसिन में खोज को बढ़ावा दे रही है. सरकार का लक्ष्य गहरे पानी में खोज का प्रोजेक्ट चलाना है, ताकि देश की जरूरत को पूरा किया जाए सके और आयात पर निर्भरता घटाई जा सके.
इस खोज से कितनी जरूरत पूरी होगी
- इस प्रोजेक्ट से प्रतिदिन 2 लाख एससीएमडी गैस निकलने की संभावना है. इतनी गैस से करीब 20 हजार परिवारों की महीनेभर की जरूरत पूरी हो सकती है.
- अगर सीएनजी कारों की बात करें तो एक दिन के गैस उत्पादन से करीब 35 लाख किलोमीटर चलने लायक सीएनजी तैयार हो सकती है.
- इस गैस का इस्तेमाल अगर बिजली उत्पादन में करें तो एक दिन के उत्पादन से 8 से 10 लाख यूनिट बिजली बनाई जा सकती है.