DDA का दिवाली गिफ्ट: 1648 LIG फ्लैट्स पर बंपर छूट, सिर्फ 15 लाख में अपना घर
Last Updated:
DDA Housing Scheme: दिल्ली में अपनी छत का सपना देख रहे मिडिल क्लास के लिए डीडीए ने एक बार फिर अपना खजाना खोल दिया है. आवास निवेश योजना 2026 के तहत डीडीए नरेला में 1,648 अतिरिक्त एलआईजी फ्लैट्स लेकर आया है, जिन पर सीधे 25 प्रतिशत की बंपर छूट दी जा रही है.
डीडीए ने नरेला में 1,648 फ्लैट्स की नई खेप उतारी है. (फाइल फोटो)
DDA Housing Scheme: दिल्ली में अपना घर खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है. दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने DDA आवास निवेश योजना 2026 के तहत नरेला में 1,648 अतिरिक्त LIG फ्लैट उपलब्ध कराने का फैसला किया है. इन फ्लैटों पर 25 फीसदी की छूट मिलेगी और एक फ्लैट की अनुमानित कीमत करीब 14.95 लाख रुपये होगी.
29 अक्टूबर दोपहर 12 बजे से बुकिंग
DDA के मुताबिक, इन फ्लैटों की ऑनलाइन बुकिंग 29 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12 बजे से शुरू होगी. बुकिंग DDA के आवास पोर्टल https://eservices.dda.org.in पर की जा सकेगी. फ्लैटों का आवंटन पहले आओ-पहले पाओ (FCFS) के आधार पर होगा.
एक लाख रुपये होगी बुकिंग राशि
हर फ्लैट के लिए एक लाख रुपये बुकिंग राशि जमा करनी होगी. फ्लैट नरेला के पॉकेट-1, सेक्टर G2 से G6 में स्थित हैं. प्रत्येक फ्लैट का अनुमानित प्लिंथ एरिया 49.90 वर्ग मीटर है, जिसमें साझा क्षेत्र भी शामिल हैं.
दो घंटे में बुक हो गए थे पहले फ्लैट
DDA की ओर से दशहरे के दौरान शुरू की गई आवास निवेश योजना को लोगों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला था. प्राधिकरण के अनुसार, पहले चरण में उपलब्ध फ्लैट बुकिंग शुरू होने के दो घंटे के भीतर बुक हो गए थे. इसी मांग को देखते हुए अब 1,648 अतिरिक्त फ्लैट उपलब्ध कराए जा रहे हैं.
मेट्रो, RRTS और सड़क कनेक्टिविटी से मिलेगी मदद
DDA के मुताबिक, नरेला में परिवहन और शहरी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है. यहां रिठाला-नरेला-कुंडली मेट्रो कॉरिडोर पर प्रस्तावित स्टेशन, प्रस्तावित RRTS स्टेशन और अर्बन एक्सटेंशन रोड (UER)-I व UER-II के साथ जीटी करनाल रोड की कनेक्टिविटी क्षेत्र की पहुंच बेहतर बनाने में मदद कर सकती है. इसके अलावा, सेक्टर G2-G6 में एजुकेशन हब विकसित करने की योजना है.
पहले रजिस्ट्रेशन करा चुके लोगों को दोबारा जरूरत नहीं
DDA के आवास पोर्टल पर पहले से रजिस्ट्रेशन करा चुके आवेदकों को दोबारा पंजीकरण नहीं करना होगा. योजना की पात्रता और अन्य शर्तों की जानकारी के लिए आवेदक आधिकारिक ब्रोशर देख सकते हैं. योजना से जुड़ी सहायता के लिए DDA की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800 110 332 पर संपर्क किया जा सकता है.