Auraiya Reena Rajput news: 75 साल के राम सुघर से सगाई कर सुर्खियों में आई उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के अरियरी गांव की यूट्यूबर रीना राजपूत अब अपने पति के पास वापस लौट आई है और उसने बुजुर्ग से शादी करने से साफ-साफ इनकार कर दिया है. रीना राजपूत ने इस सिलसिले में एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है, जिसमें रीना राजपूत साफ-साफ कह रही है कि अब उसको उस बुजुर्ग से कोई मतलब नहीं है, क्योंकि वह उसकी बेटी राधा की बातों में आ गई थी, जिसके बाद वह राधा के 75 साल के पिता राम सुघर से शादी करने के लिए तैयार हो गई थी. लेकिन जैसे ही सगाई का वीडियो सामने आया और उसके बाद उसके पति से उसका विवाद शुरू हो गया, अब वह अपने पति के पास वापस लौट आई है और उसका पति भी उसके पास वापस आ गया है.
पति को नहीं दिया तलाक, सहेली के कहने पर किया था ड्रामा
रीना राजपूत करीब सवा दो मिनट के अपने वीडियो में अपने पति के साथ गले में माला डाल कर यह कहती हुई नजर आ रही है कि उसका पति उसके पास आ गया है और वह अब अपने पति और बच्चों के साथ में ही रहेगी. उसने राधा के पिता के साथ सगाई का नाटक अपनी सहेली राधा के कहने पर किया था.
अपने वीडियो में रीना यह बात भी कह रही है कि उसने अपने पति को कोई तलाक नहीं दिया था, इसलिए उसकी दूसरी शादी नहीं हो सकती है. अब उसका पति उसके साथ में है, जिसके साथ वह अपनी आगे की जिंदगी बसर करेगी. रीना ने इसके साथ ही मीडिया और वीडियो कर्मियों को भी चेतावनी दी है कि अगर उसे इंटरव्यू के लिए परेशान किया, तो वह इस सिलसिले में पुलिस कार्रवाई भी करेगी.
6 मिलियन व्यूज मिलते ही सोशल मीडिया के ड्रामे से लिया यू-टर्न
बताते चलें कि जब यह पूरा मामला सामने आया था, उसी समय ऐसा शक जताया जा रहा था कि बुजुर्ग के साथ में 30 साल की युवती की शादी केवल सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोरने के लिए ही है, असल जिंदगी में शादी का कोई मकसद नहीं था. रीना राजपूत ने कुछ दिन पहले राधा के पिता 75 वर्षीय राम सुघर से कथित सगाई का वीडियो सोशल मीडिया पर डाला था. जैसे ही वीडियो 6 मिलियन पार हुआ, वैसे ही इन्होंने यू-टर्न ले लिया और इन्होंने अपने असली पति के साथ वीडियो डालना शुरू कर दिया. रीना ने आज एक वीडियो डाला है जिसमें उसने राम सुघर से शादी करने से इनकार कर दिया है और उसने बोला है कि अब वह अपने पति के ही साथ रहेगी.
व्यूज, लाइक्स और फॉलोअर्स के लिए फेक कंटेंट का सहारा
राम सुघर और रीना की सगाई का मामला सामने आने के बाद इस बात की चर्चा थी कि सोशल मीडिया से पैसे वाला बनना है, इसलिए आजकल लोग कुछ भी करने पर उतारू हैं. पहले दिन से ही इस मामले में कोई सच्चाई थी ही नहीं, और पब्लिक है कि ऐसे मामलों में इतना इंटरेस्ट लेती है लाइक, शेयर, कमेंट और रीच बढ़ाना, और ये लोग हैं कि अपने मकसद में कामयाब हो जाते हैं. आखिर क्यों फेक कंटेंट को इतनी तवज्जो दी जाती है? इससे पहले 30 साल की रीना से शादी करने का ऐलान करने वाले 75 साल के राम सुघर ने भी शादी से इनकार करते हुए सगाई को नाटक करार दिया था. उनका कहना है कि यह सब उन्होंने अपनी बेटी के कहने पर किया और वह रीना से कोई शादी करने नहीं जा रहे हैं.
बुजुर्ग राम सुघर ने भी खोला राज, सगाई को बताया पूरी तरह स्क्रिप्टेड
30 वर्षीय रीना और 75 वर्षीय राम सुघर की सगाई का मामला नया मोड़ ले गया. बुजुर्ग ने वीडियो जारी कर सगाई की कहानी को स्क्रिप्टेड बताया. साथ ही कहा कि वीडियो सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए बनाया गया था. 30 वर्षीय रीना और 75 वर्षीय राम सुघर की कथित सगाई का वीडियो वायरल होने के बाद चर्चाओं में आया मामला अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है. उम्र के करीब 45 वर्ष के अंतर के चलते सुर्खियों में आए इस मामले में राम सुघर ने एक वीडियो जारी कर सगाई की पूरी कहानी को स्क्रिप्टेड बताया है. उनका दावा है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने और फॉलोअर्स बढ़ाने के उद्देश्य से सगाई की रस्मों का वीडियो बनवाया गया था. हालांकि, उनके दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और रीना राजपूत का पक्ष सामने आना बाकी है.
ब्यूटी पार्लर में शूट हुआ था सगाई और हल्दी का पूरा वीडियो
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में रीना राजपूत और राम सुघर सगाई की रस्में निभाते नजर आए थे. वीडियो में हल्दी और सगाई से जुड़ी रस्में दिखाई देने के बाद लोगों ने इसे वास्तविक सगाई समझ लिया. दोनों की उम्र में करीब 45 साल का अंतर होने के कारण यह वीडियो तेजी से चर्चा में आ गया और दोनों की शादी को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं. राम सुघर ने वीडियो जारी कर पूरे घटनाक्रम को लेकर अपना पक्ष रखा है. उनका कहना है कि रीना राजपूत के साथ उनका कोई प्रेम संबंध नहीं था और न ही दोनों की शादी होने वाली थी. उन्होंने दावा किया कि सगाई का वीडियो वास्तविक रिश्ते का हिस्सा नहीं, बल्कि सोशल मीडिया के लिए तैयार की गई एक स्क्रिप्ट का हिस्सा था.
बेटी और यूट्यूबर के कहने पर किया नाटक, पैर भी ठीक से नहीं करते काम
राम सुघर के मुताबिक, उनकी बेटी राधा की पहचान रीना राजपूत से इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी. इसके बाद दोनों के बीच दोस्ती हुई और साथ में वीडियो बनाए जाने लगे. उन्होंने दावा किया कि बेटी राधा और रीना के कहने पर ही उन्होंने सगाई की रस्मों वाला वीडियो बनवाया था. उनके अनुसार, इसका मकसद सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान आकर्षित करना और फॉलोअर्स की संख्या बढ़ाना था. राम सुघर ने अपनी सेहत का जिक्र करते हुए बताया कि वह बीमार रहते हैं और उनके पैर भी ठीक से काम नहीं करते. हालांकि, वीडियो में किए गए इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है. प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, रीना और राम सुघर की सगाई का वीडियो औरैया के एक ब्यूटी पार्लर में शूट किया गया था. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे वास्तविक सगाई मान लिया. इसके बाद दोनों के रिश्ते और संभावित शादी को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया.