Last Updated:
Khargone News: झारखंड के दो सगे भाई तिरंगा और भगवा ध्वज लेकर स्केटिंग से भारत की तीर्थ यात्रा पर निकले हैं. छह महीने में दोनों भाई करीब 10 हजार 500 किलोमीटर का सफर तय कर चुके हैं. उनका लक्ष्य चारधाम यात्रा है. दोनों भाई 12 ज्योतिर्लिंग और पांच केदार के दर्शन करना चाहते हैं. रोजाना 70 से 80 किलोमीटर स्केटिंग कर रहे इन युवाओं का खरगोन जिले में भी लोगों ने उत्साह बढ़ाया.
झारखंड के दो सगे भाई स्केटिंग से भारत की तीर्थ यात्रा पर निकले
झारखंड के गिरिडीह जिले के तीसरी प्रखंड के रहने वाले अंकित कुमार साहू और उनके छोटे भाई सौरभ साहू दिल में आस्था लेकर निकले. दोनों ने देशप्रेम, धार्मिक आस्था और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के लिए स्केटिंग से तीर्थयात्रा शुरू की है. हाथों में तिरंगा और भगवा ध्वज लेकर निकले दोनों भाई छह महीने में करीब 10 हजार 500 किलो मीटर का सफर तय कर चुके हैं. बताया जा रहा है कि दोनों भाई 12 ज्योतिर्लिंग और पांच केदार के दर्शन करना चाहते हैं.
यात्रा पूरी करने में लगेगा लगभग दो साल का समय
पूरी यात्रा में डेढ़ से दो साल का समय लगने का अनुमान है. रास्ते में कहीं लोग चाय-नाश्ता कराते हैं, तो कहीं फल और पानी देकर उनका हौसला बढ़ाते हैं. स्थानीय लोगों से मिल रहे इस सहयोग और अपनापन से दोनों भाई खासे उत्साहित हैं. अंकित का दावा है कि वे झारखंड के पहले युवक हैं, जो इस तरह स्केटिंग से तीर्थयात्रा कर रहे हैं. वहीं, पांच केदार की स्केटिंग यात्रा करने वाले वे भारत के दूसरे युवा हैं.
उज्जैन का महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग है अगला पड़ाव
खरगोन जिले से गुजरते हुए दोनों भाई कसरावद से सनावद होते हुए ओंकारेश्वर पहुंचेंगे. यहां ज्योतिर्लिंग के दर्शन करने के बाद उनका अगला पड़ाव उज्जैन का महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग होगा. बाबा बैद्यनाथ धाम, जगन्नाथ पुरी, मल्लिकार्जुन, रामेश्वरम, भीमाशंकर, त्र्यंबकेश्वर और घृष्णेश्वर सहित कई प्रमुख तीर्थस्थलों से होकर गुजर चुके दोनों भाइयों की यह यात्रा अब भी जारी है.
क्या बोले अंकित कुमार साहू
अंकित कुमार साहू ने कहा कि मैं झारखंड में जिला गिरीडीह से आता हूं. एमपी मेरा 11वां स्टेट है. अभी मैं उज्जैन जा रहा हूं. हम सही सलामत चल रहे हैं. अभी तक स्केटिंग से 6 महीने की यात्रा हो चुकी है, जिसमें हम 10,500 किलोमीटर स्केटिंग चला चुके हैं. अभी हमारी यात्रा पूरी होने में कुल 12 महीने और लगेंगे. उसके बाद हमारी यात्रा पूरी हो जाएगी.