न सब्जी, न चटनी-अचार, ऐसे छौंक दी दाल तो नहीं पड़ेगी साइड डिश की जरूरत, बोरिंग दाल में डालें तड़के का ट्विस्ट

न सब्जी, न चटनी-अचार, ऐसे छौंक दी दाल तो नहीं पड़ेगी साइड डिश की जरूरत, बोरिंग दाल में डालें तड़के का ट्विस्ट


Last Updated:

Make Boring Dal Tasty With Tadka: घर पर होटल जैसी स्वादिष्ट पीली दाल तड़का बनाना बहुत आसान है. इससे रोज की बोरिंग दाल भी इतनी स्वादिष्ट लगती है कि बिना सब्जी-चटनी-अचार के ही सब पूरा खाना चट कर जाते हैं. यह रोटी-पराठा, या चावल किसी के भी साथ खाने में जबरदस्त स्वाद देती है.

ख़बरें फटाफट

Top Deals Inside

जमशेदपुर. अगर आप रोज-रोज एक ही तरह की सब्जी खाकर बोर हो गए हैं और घर पर कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं, जो स्वाद में होटल जैसा हो और बनाने में भी ज्यादा मेहनत न लगे, तो पीली दाल तड़का आपके लिए बेहतरीन विकल्प है. यह दाल खाने में स्वादिष्ट होने के साथ-साथ बनाने में भी काफी आसान है. खास बात यह है कि इसे रोटी, चावल या पराठे के साथ खाने पर आपको अलग से सब्जी या चटनी बनाने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी.

अपने मन की दाल चुनें
पीली दाल तड़का बनाने के लिए सबसे पहले अपनी पसंद के अनुसार अरहर या मूंग की दाल लें. दाल को अच्छी तरह पानी से धो लें और फिर कुकर में डाल दें. इसमें स्वादानुसार नमक, थोड़ी सी हल्दी और जरूरत के अनुसार पानी डालकर कुकर का ढक्कन बंद कर दें. मध्यम आंच पर दाल को करीब 3 से 4 सीटी आने तक पकाएं. इसके बाद गैस बंद कर दें और कुकर का प्रेशर अपने आप निकलने दें. जब कुकर खुल जाए, तो दाल को अच्छी तरह चलाकर एकसार कर लें.

तड़के से आता है असली स्वाद
अब बारी आती है दाल को होटल जैसा स्वाद देने वाले तड़के की. इसके लिए एक कड़ाही लें और उसमें तेल या घी डालकर गर्म करें. तेल गर्म होने पर थोड़ा सा जीरा डालें. जब जीरा चटकने लगे, तो इसमें बारीक कटी हुई प्याज डालकर सुनहरा भूरा होने तक भूनें. प्याज को अच्छी तरह भूनने से दाल में बेहतरीन स्वाद और खुशबू आती है.

इसके बाद कड़ाही में कटे हुए टमाटर डालें और उन्हें तब तक पकाएं, जब तक टमाटर नरम होकर अच्छी तरह गल न जाएं. चाहें तो स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें थोड़ी लाल मिर्च और धनिया पाउडर भी डाल सकते हैं.

ऐसे आएगा बिलकुल होटल वाला स्वाद
अब तैयार उबली हुई दाल को इस तड़के में डालकर अच्छी तरह मिला लें. जरूरत के अनुसार थोड़ा गर्म पानी डालकर दाल की गाढ़ाई अपने हिसाब से रख सकते हैं. इसे धीमी आंच पर 3 से 5 मिनट तक पकने दें, ताकि प्याज, टमाटर और मसालों का स्वाद दाल में अच्छी तरह मिल जाए.

आखिर में ऊपर से बारीक कटी हुई हरी धनिया डालें. अगर आप होटल जैसा स्वाद चाहते हैं, तो थोड़ा सा घी गर्म करके उसमें जीरा और लाल मिर्च का अलग से तड़का लगाकर दाल के ऊपर डाल सकते हैं.

सब्जी की भी नहीं पड़ती जरूरत
बस, तैयार है घर पर बनी स्वादिष्ट होटल जैसी पीली दाल तड़का. इसे गरमागरम रोटी, चावल या पराठे के साथ परोसें. इसका चटपटा और मसालेदार स्वाद इतना अच्छा लगेगा कि साधारण भोजन भी खास बन जाएगा. कई बार इस एक दाल के साथ ही पूरे परिवार का खाना आसानी से तैयार हो जाता है और अलग से सब्जी या चटनी बनाने की झंझट भी नहीं रहती.



Source link